Flood in Jharkhand: झारखंड के गढ़वा जिले में सोन नदी कहर बरपा रही है। यहां लगातार हो रही बारिश के चलते नदी का जलस्तर बढ़ गया और लोहरगाड़ा गांव बाढ़ की चपेट में आ गया। जिससे दर्जनों लोग बाढ़ में फंस गए। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) ने सोमवार को बाढ़ के पानी में फंसे 26 ग्रामीणों को सुरक्षित निकाल लिया।
सोन नदी की बाढ़ में फंसे ग्रामीण (सांकेतिक फोटो)
बाढ़ के पानी में फंसे थे 6 परिवार
अधिकारियों ने बताया कि हरिहरपुर पुलिस चौकी के पास सोन नदी के बाढ़ के पानी में रविवार शाम से छह परिवारों के 26 लोग फंसे हुए थे। गढ़वा के पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार पांडे ने कहा कि हमें जैसे ही सूचना मिली, हमने एनडीआरएफ के बचाव दल को घटनास्थल के लिए रवाना किया। एनडीआरएफ टीम ने हरिहरपुर पुलिस चौकी के पास सोन नदी के बाढ़ के पानी में फंसे 26 लोगों को सुबह करीब साढ़े सात बजे सुरक्षित निकाल लिया।”
पिछले दो दिन से जारी बारिश
पुलिस के मुताबिक, सभी ग्रामीण सुरक्षित हैं और क्षेत्र में जानमाल के नुकसान की कोई खबर नहीं है। झारखंड में पिछले दो दिन से जारी मूसलाधार बारिश के कारण सोन नदी का जलस्तर बढ़ गया है और बड़ी संख्या में पेड़ गिर गए हैं।
