Delhi Howrah Route High Speed Train: दिल्ली हावड़ा रूट पर भारतीय रेलवे ने ट्रेनों की रफ्तार बढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी है। दिल्ली-हावड़ा रूट पर जल्द ही 160 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ट्रेनें दौड़ती नजर आएंगी। इस रूट पर शुक्रवार से ट्रायल रन भी शुरू हो गया है। रेलवे का यह ट्रायल सफल भी रहा है। इस गति से ट्रेनों को चलाने से यात्रा का समय काफी कम हो जाएगा, जिससे यात्रियों को सुविधाएं मिलेंगी और लंबी दूरी की यात्रा करने में भी कम समय लगेगा।
दिल्ली-हावड़ा रूट पर 160 किलोमीटर की रफ्तार से जल्द दौड़ेगी ट्रेनें (फाइल फोटो)
ये भी पढ़ें- रेलवे के लिए मोदी सरकार की बड़ी घोषणा, 4 परियोजनाओं पर मुहर, महाराष्ट्र,ओड़िशा और छत्तीसगढ़ को फायदा
दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन-धनबाद के बीच ट्रायल
शुक्रवार को दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन से कोडरमा के रास्ते धनबाद के बीच 160 किमी/घंटा की गति से ट्रेन का ट्रायल किया गया। इस ट्रायल में रेलवे अधिकारियों का दल भी शामिल रह। यह परीक्षण रेलमार्ग की क्षमता, सुरक्षा और गति के अनुपालन की पुष्टि करने के लिए किया जा रहा है। यदि यह ट्रायल सफल होता है, तो दिल्ली और हावड़ा के बीच यात्रा करने वालों को एक तेज़ और सुविधाजनक विकल्प मिल सकता है।
ट्रायल के दौरान रेलवे क्रॉसिंग बंद
जागरण.कॉम की रिपोर्ट को अनुसार जब दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन से धनबाद के बीच 160 किमी/घंटा की गति से ट्रेन के ट्रायल की तैयारी शुरू हुई तो पहले ही रेलवे क्रॉसिंग को बंद कर दिया गया। इतना ही नहीं पटरी के किनारे कंक्रीट की दीवारें लगाकर, रेलवे ने यह सुनिश्चित किया है कि जानवर, इंसान या वाहन ट्रैक के पास न आ सकें, जो कि सुरक्षा के दृष्टिकोण से बहुत जरूरी है, खासकर जब ट्रेन की गति बढ़ाई जाती है।
कई ट्रेनें रद्द
इतना ही नहीं 160 किलोमीटर की रफ्तार से ट्रेन का ट्रायल सही तरीके से हो सके इसलिए रेलवे ने कई ट्रनों को रद्द भी कर दिया था। जागरण.कॉम की रिपोर्ट के अनुसार रेलवे ने चक्रधरपुर रेल मंडल से गुजरने वाली 8 ट्रेनों को 12 से 24 अप्रैल के बीच रद करने की घोषणा की है। रद्द की गई ये ट्रेनें राउरकेला, झारसुगुड़ा और चक्रधरपुर रेलवे स्टेशनों से गुजरती हैं।
कौन-कौन सी ट्रेनें हुईं रद्द
- 12 और 19 अप्रैल - ट्रेन नंबर 22805 भुवनेश्वर-आनंद विहार एक्सप्रेस
- 14 और 21 अप्रैल - ट्रेन नंबर 22806 आनंद विहार-भुवनेश्वर एक्सप्रेस
- 13 से 23 अप्रैल तक - ट्रेन नंबर 18125 राउरकेला-पुरी एक्सप्रेस
- 14 से 24 अप्रैल तक - ट्रेन नंबर 18126 पुरी-राउरकेला एक्सप्रेस
- 14 से 22 अप्रैल तक - ट्रेन नंबर 18117 राउरकेला-गुनुपुर एक्सप्रेस
- 15 से 23 अप्रैल तक - ट्रेन नंबर 18118 गुनुपुर-राउरकेला एक्सप्रेस
- 13 से 23 अप्रैल तक - ट्रेन नंबर 02832 भुवनेश्वर-धनबाद स्पेशल
- 14 से 24 अप्रैल तक - ट्रेन नंबर 02831 धनबाद-भुवनेश्वर स्पेशल
दिल्ली से हावड़ा रूट पर चल रहा ढांचागत सुधार
दिल्ली से हावड़ा के बीच 1,525 किमी लंबे रेलवे रूट पर ढांचागत सुधार के तहत रेल ट्रैक को दुरुस्त किया जा रहा है, ताकि तेज़ गति वाली ट्रेनों को सुगम और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित की जा सके। इस रूट पर वीवीआईपी ट्रेन जैसे दुरंतो, राजधानी, वंदेभारत और मेल-एक्सप्रेस ट्रेनें 130 किमी प्रति घंटे की गति से चल रही हैं, और यह सुधार इन्हें और भी तेज़ और सुरक्षित बनाने में मदद करेगा। उत्तर मध्य रेलवे का हिस्सा इस रूट में सबसे बड़ा है, जो कि 751.2 किमी लंबा है। इस हिस्से में विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि रेल नेटवर्क का परिचालन और बेहतर हो सके और यात्रियों को अधिक सुविधाएं मिल सकें। ट्रैक के दुरुस्त होने से न केवल गति बढ़ेगी, बल्कि सुरक्षा मानकों में भी सुधार होगा, जो यात्रियों के लिए एक सकारात्मक कदम है।
