Ayodhya Ram Mandir: रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद से अयोध्या राम मंदिर में भक्तों की भीड़ कम ही नहीं हो रही है। लंबे समय से रामलला के दर्शन पाने का इंतजार कर रहे भक्त खुद को अयोध्या जाने से रोक नहीं पा रहे हैं। ऐसे में राम जन्मोत्सव को लेकर भक्तों में उत्साह और बढ़ गया है। रामनवमी के दौरान अयोध्या राम मंदिर में भारी संख्या में भक्तों के आने की संभावना जताई जा रही है। इसे ध्यान में रखते हुए दर्शन के समय और अवधि में आवश्यक बदलाव किए गए हैं, ताकि दर्शन करने आए लोगों को किसी प्रकार की दिक्कत का सामना न करना पड़े।
जन्मोत्सव पर रामलला 20 घंटे तक देंगे दर्शन
रामलला के दर्शन की बढ़ी अवधि
अयोध्या में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम 22 जनवरी 2024 को संपन्न हुआ था। उसके अगले ही दिन से भक्तों के लिए मंदिर के द्वार खोल दिए गए थे। इस दौरान मंदिर में रामलला के दर्शन की अवधि 14 घंटे तय की गई थी। लेकिन राम जन्मोत्सव को देखते हुए और श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए, श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट द्वारा इस अवधि को बढ़ाने का फैसला लिया गया है। जानकारी के अनुसार, जन्मोत्सव के शुभ अवसर पर रामलला के दर्शन अवधि को बढ़ाकर 20 घंटे किया गया है।
दर्शन के लिए मंदिर जाने वाले भक्त अब सुबह से रात 20 घंटे प्रभु श्रीराम के दर्शन कर सकते हैं। छावनी में बैठक में इस विषय पर चर्चा करने के बाद ट्रस्ट के महासचिव चंपतराय ने जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि इस दौरान कतारें भी बढ़ाई जाएंगी। बता दें कि आमतौर पर मंदिर में दर्शन चार कतारों में करवाए जाते हैं, लेकिन जन्मोत्सव के दौरान कतारों की संख्या चार से बढ़ाकर 7 हो जाएगी। कम समय में अधिक से अधिक श्रद्धालु रामलला के दर्शन कर सकें इसे ध्यान में रखते हुए फैसला लिया गया है।
इस दिन से बढ़ेगी दर्शन की अवधि
रामलला जन्मोत्सव को ध्यान में रखते हुए दर्शन की अवधि 15 अप्रैल से 17 अप्रैल तक बढ़ाई गई है। 17 अप्रैल के बाद 18 अप्रैल से अवधि 20 घंटे से वापस 14 घंटे हो जाएगी।
जन्मोत्सव की तैयारी जोरों पर
अयोध्या राम मंदिर में जन्मोत्सव की तैयारी तेज हो गई है। लोगों को दर्शन के लिए आने से पहले जूता-चप्पल एवं मोबाइल आदि समान को रामजन्मभूमि मार्ग पर छोड़कर आने की सलाह दी गई है। धूप और बढ़ती गर्मी से बचने के लिए रामपथ को 600 मीटर लंबे टेंट से कवर किया जा रहा है। वहीं जमीन पर मैट बिछाया जा रहा है। श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य को देखते हुए 50 स्थानों पर शीतल पानी और ओआरएस पाउडर उपलब्ध करवाया जाएगा। दर्शन के बाद प्रसाद दिया जाएगा।
घर बैठे लोगों के लिए होगा लाइव प्रसारण
किसी भी कारण के चलते जो लोग जन्मोत्सव के अवसर पर अयोध्या राम मंदिर दर्शन के लिए नहीं आ सकते हैं, उन्हें भी दिल छोटा करने की आवश्यकता नहीं है। आप लोग घर बैठे लाइव प्रसारण का लुत्फ उठा सकते हैं। जानकारी के लिए बता दें कि रामलाल के जन्मोत्सव का लाइव प्रसारण दूरदर्शन पर किया जाएगा।
गांव और मुहल्ले में जन्मोत्सव मनाने का आह्वान
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपतराय ने लोगों से राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के जैसे ही राम जन्मोत्सव को हर गांव और मुहल्ले के मंदिर में मनाने का आह्वान किया है। इसके साथ ही उन्होंने लोगों को आश्वस्त किया है कि भक्त वहीं से रामलला जन्मोत्सव का लाइव प्रसारण दूरदर्शन के माध्यम से देख सकते हैं।
