Rajkot Crude Oil Theft: राजकोट में क्रूड ऑयल चोरी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। इस मामले में गुजरात ATS और राजस्थान पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में पता चला है कि गिरोह HPCL की पाइपलाइन में गैरकानूनी तरीके से पंचर कर उसमें वाल्व लगाता था। इसके माध्यम से आरोपी पाइपलाइन से क्रूड ऑयल निकालकर चोरी करते थे।
आरोपी HPCL पाइपलाइन में पंचर कर चुराते थे क्रूड ऑयल
राजस्थान से राजकोट तक पहुंचाया जाता था चोरी का तेल
पुलिस के अनुसार, यह गिरोह राजस्थान के बालोतरा जिले के कालूड़ी गांव की सीमा में HPCL की पाइपलाइन को निशाना बनाता था। यहां से अवैध तरीके से क्रूड ऑयल निकाला जाता था, जिसे बाद में राजस्थान से राजकोट तक पहुंचाया जाता था। गिरोह पाइपलाइन में लगाए गए अवैध वाल्व के जरिए तेल निकालता था।
संदिग्ध क्रूड ऑयल के साथ पकड़े गए व्यक्ति से खुला राज
इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब राजकोट के सोखड़ा के पास पुलिस ने संदिग्ध क्रूड ऑयल के साथ एक व्यक्ति को पकड़ा। पूछताछ और जांच आगे बढ़ने पर पाइपलाइन से क्रूड ऑयल चोरी करने वाले गिरोह के बारे में पुलिस को जानकारी मिली।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में देर रात पहुंची पुलिस तो मचा हड़कंप, DC-SP और बीजेपी ने दी ये सफाई
गुजरात ATS और राजस्थान पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
इस मामले में गुजरात ATS और राजस्थान पुलिस ने मिलकर कार्रवाई की है। संयुक्त अभियान में अब तक कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों और क्रूड ऑयल चोरी के पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है।
पूरे नेटवर्क की जांच जारी
पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि गिरोह कब से पाइपलाइन से क्रूड ऑयल चोरी कर रहा था और चोरी किए गए तेल को कहां-कहां सप्लाई किया जाता था।
