Rajasthan Weather Today: राजस्थान में मौसम के कई रंग देखने को मिल रहे हैं। कहीं बारिश हो रही है तो कहीं लू का अलर्ट जारी किया गया है। पिछले दिनों भीषण गर्मी का प्रकोप झेल रहे राजस्थान में आज बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने बताया कि हाल ही में सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ की वजह से मौसम में बदलाव आ गया है। दो दिन से राजस्थान के मौसम बदलाव देखा जा रहा है। कई इलाकों झमाझम बारिश हुई है। जयपुर, अजमेर, कोटा, भरतपुर संभाग के अधिकतर जिलों में आंधी और हल्की बरसात के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। इस बीच मौसम विभाग ने 10 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। जहां एक तरफ बारिश का अलर्ट है, वहीं दूसरी तरफ राजस्थान के कुछ जिलों में लू का अलर्ट भी जारी किया गया है। लू और बारिश के अलर्ट के बीच आइए आपको बताएं कैसा रहेगा आज मौसम का हाल....
राजस्थान में कैसा रहेगा आज मौसम का हाल
राजस्थान के इन जिलों में आंधी बारिश का अलर्ट
राजस्थान के 10 जिलों में मौसम विभाग ने आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने आज, दौसा, धौलपुर, जयपुर, झुंझुनूं, सीकर, भरतपुर, अलवर, सवाई माधोपुर, टोंक और करौली में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया। बता दें कि राजस्थान के जयपुर, जोधपुर, बीकानेर, अजमेर और भरतपुर सहित करीब 13 जिलों में रविवार को झमाझम बारिश हुई है। बारिश के बाद इन जिलों में रहने वाले लोगों को राहत मिली हैं। आंधी और बारिश के बाद प्रदेश के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। जानकारी के अनुसार, यहां 2 से 6 डिग्री तक के तापमान में कमी आई है। मौसम विभाग ने बताया कि आज आंधी और बारिश के चलते तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है। अधिकांश हिस्सों में तापमान 45 डिग्री से कम रहने की उम्मीद है।
इन जिलों में जारी लू का अलर्ट
जहां राजस्थान के कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, वहीं तीन जिलों में लू का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने कोटा, हनुमानगढ और गंगानगर में लू का अलर्ट जारी किया है। एक तरफ लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी और दूसरी तरफ लोग भीषण गर्मी में झुलसते नजर आएंगे।
