राजस्थान में आज का मौसम (31 March 2026): राजस्थान में बारिश का दौर लगातार जारी है। सोमवार कई जिलों में बारिश के साथ ओले भी गिरे। जिसने फसलों को काफी नुकसान पहुंचाया। मौसम का बिगड़ा हुआ मिजाज आज भी जारी रहेगा। मौसम विभाग ने आज राजस्थान के कई जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। बारिश का सिलसिला अप्रैल के पहले सप्ताह भी जारी रहेगा। जिसके कारण राजस्थान में अप्रैल माह की शुरुआत कूल-कूल मौसम के साथ हो सकती है।
आज राजस्थान में बारिश का अलर्ट (AI Image)
राजस्थान में 31 मार्च को कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार 31 मार्च को राजस्थान के सात जिलों में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। जिनमें सीकर, झुंझुनूं, अलवर, भरतपुर, दौसा, धौलपुर और करौली शामिल हैं। राजस्थान में एक्टिव वेदर सिस्टम के प्रभाव से यहां बारिश का मौसम बना हुआ है। अप्रैल में भी इसका असर देखने को मिलेगा। 1 अप्रैल को जयपुर, भरतपुर, कोटा, अजमेर और उदयपुर संभाग के जिलों में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। इस दौरान पश्चिमी हिस्से में मौसम शुष्क बने रहने का अनुमान है। 5 अप्रैल तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में गरज-चमक और तेज हवाओं संग बारिश होने की संभावना जताई गई है।
ओलों ने फसलों को पहुंचाया नुकसान
राजस्थान में पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक बारिश कोटा में हुई। यहां 20 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा अलवर के कोटकासिम में 5 मिमी, टपूकड़ा में 3 मिमी और भीलवाड़ा, सीकर, बाड़मेर, बीकानेर, चूरू समेत कई अन्य जगहों पर छिटपुट बूंदाबांदी हुई। वहीं नागौर और डीडवाना-कुचामन जिले में देर रात को बारिश के साथ ओले भी गिरे। आंधी-बारिश के कारण कई जिलों के तापमान में गिरावट आई है और गर्मी में भी कमी महसूस हो रही है। सोमवार को जयपुर, सीकर, चूरू, फतेहपुर, कोटा समेत कई शहरों में दिन का तापमान 2-6 डिग्री तक गिर गया। इस दौरान सबसे अधिक अधिकतम तापमान 37 डिग्री कोटा और चित्तौड़गढ़ में दर्ज हुआ।
