राजस्थान में आज का मौसम (19 April 2026 Rajasthan Weather Today): राजस्थान में गर्मी का प्रकोप जारी है। कई जिले लू की चपेट में बने हुए हैं। तापमान में लगातार उछाल दर्ज किया जा रहा है। दिन में सूरज की तपिश लोगों को घरों में रहने को मजबूर कर रही है। जयपुर में शनिवार को इस सीजन का अब तक का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया। इस दौरान अधिकतम तापमान 40.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। शनिवार को कोटा, बाड़मेर, चूरू समेत कई जगहों पर 42 डिग्री से भी ऊपर तापमान पहुंच गया। राजस्थान में आज भी कई जिलों में लू के थपेड़े झेलने पड़ सकते हैं।
राजस्थान में 19 अप्रैल को कैसा मौसम रहेगा (Rajasthan Ka Mausam)
मौसम विभाग के अनुसार आज राजस्थान में मौसम साफ और शुष्क बना रहेगा। दिन में चिलचिलाती धूप परेशान करेगी, साथ ही कई जिलों में लू का भी येलो अलर्ट है, जिनमें जैसलमेर, बीकानेर, जोधपुर, गंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, सीकर, झुंझुनूं, अलवर, जयपुर, दौसा, भरतपुर, करौली और धौलपुर शामिल हैं। आज जयपुर समेत 15 से अधिक जिलों में 40 डिग्री के ऊपर दिन का तापमान दर्ज किया जा सकता है।
राजस्थान में कल का मौसम (Rajasthan Kal Ka Mausam)
मौसम विभाग ने राजस्थान में अगले दो दिन में तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी की संभावना जताई है। इस दौरान कई जिलों में लू की चेतावनी जारी की गई है। 20 अप्रैल को 15 जिलों में हीटवेव का अलर्ट है, जिनमें जैसलमेर, जोधपुर, बीकानेर, गंगानगर, चूरू, हनुमानगढ़, झुंझुनूं, सीकर, अलवर, जयपुर, भरतपुर, दौसा, धौलपुर, करौली और सवाई माधोपुर शामिल हैं।
राजस्थान में बीते 24 घंटे के दौरान कहीं बादल छाए रहे तो कहीं धूलभरी हवा चली। शनिवार को सुबह से दोपहर तक श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और जैसलमेर में कई जगहों पर धूलभरी हवाएं चलीं। वहीं जोधपुर, बाड़मेर, बीकानेर, फलोदी में बादलों की आवाजाही देखने को मिली। इसके अलावा जयपुर, भरतपुर, कोटा, उदयपुर और अजमेर में मौसम दिनभर साफ रहा और तेज धूप ने परेशान किया।
