राजस्थान में आज का मौसम (Rajasthan ka Mausam 16 April 2026): अप्रैल के महीने की शुरुआत ठंडे में हुई थी, लेकिन वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर खत्म होते ही तापमान में तेज बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। पश्चिमी भारत के राज्यों जिसमें गुजरात, मध्य प्रदेश, राजस्थान और हरियाणा के कुछ हिस्से आते हैं में गर्मी अपना प्रचंड रूप दिखाने लगी है। विशेष तौर पर राजस्थान में गर्मी बेतहाशा बढ़ गई है। दिन में सूरज से आग बरस रही है और रात को भी गर्मी से राहत मिलती नहीं दिख रही। आज के लिए भी मौसम विभाग (IMD) का अनुमान है कि आसमान साफ रहेगा और सूरज से आग बरसेगी। कई इलाकों में लू जैसे हालात होंगे और पारा अपनी हदें तोड़ता दिखेगा।
राजस्थान में आसमान से आग बरसा रहा सूरज
गर्मी के बढ़ते प्रकोप के चलते राजस्थान में दिन की धूप से बचते हुए लोग रात का इंतजार करते हैं कि राहत मिलेगी। लेकिन रात में भी तापमान काफी ज्यादा बढ़ने लगा है। कल यानी बुधवार 15 अप्रैल की ही बात करें तो पश्चिमी राजस्थान के श्रीगंगानगर, चूरू, जोधपुर, जैसलमेर, बीकानेर सहित राज्य के 10 शहरों में दिन का तापमान 40 डिग्री से ऊपर चला गया। कई शहरों में लू जैसे हालात भी देखने को मिले।
बीकानेर में सबसे ज्यादा तापमान
बुधवार को बीकानेर में सबसे ज्यादा गर्मी पड़ी। 15 अप्रैल को यहां अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री तक पहुंच गया। जिससे यहां लोगों का दिन में बाहर निकलना मुहाल हो गया। ऐसा लग रहा था मानो सूरज से आग बरस रही हो। बीकानेर के साथ ही फलोदी और जैसलमेर में भी दिन के समय लू यानी हीटवेव जैसे हालात बन गए। सूरज से बरस रही आग और लू जैसे हालात के बीच खासतौर पर दोपहर के समय इन जिलों में सड़कें वीरान हो गईं।
रात को भी गर्मी से जीना मुहाल
मौसम के जानकारों के अनुसार गर्मी अगले हफ्ते से और प्रचंड कहर ढाने को तैयार है। अनुमान है कि अगले हफ्ते पारा 44 डिग्री से ज्यादा पहुंच सकता है। दिन के समय इस भीषण गर्मी का असर ये हो रहा है कि रात का तापमान भी लगातार बढ़ रहा है। बुधवार रात की बात करें तो फलोदी में रात का तापमान भी 29.2 डिग्री रहा, जो अच्छा खासा गर्म है। इसके साथ ही राजधानी जयपुर सहित कई शहरों में इस सीजन की यह सबसे गर्म रात थी।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि राज्य में इस हफ्ते तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। पश्चिमी राजस्थान के जिलों में तेज गर्मी के साथ तापमान 44 डिग्री या उससे भी ऊपर जा सकता है।
पश्चिमी भारत में तेज हवाएं चलने का अनुमान
मौसम विभाग के अनुसार मध्य महाराष्ट्र में 18 से 21 अप्रैल तक कुछ इलाकों में हल्की से मध्य स्तर की बारिश हो सकती है। थंडरस्टॉर्म, बिजली चमकने और तेज हवाएं (30-40 किमी प्रति घंटे) चलने का अनुमान है। हालांकि गुजरात और महाराष्ट्र में 18 अप्रैल तक तापमान में बहुत ज्यादा बढ़ोतरी की संभावना नहीं है, बल्कि हल्की-पुल्की बारिश के चलते पारा 2-3 डिग्री तक लुढ़क सकता है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
