शहर

बिहार के नए मुख्यमंत्री Samrat Choudhary को कितनी सैलरी मिलेगी?

बिहार के नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज पद और गोपनीयता की शपथ ली। इस अवसर पर चलिए जानते हैं कि सीएम के तौर पर उन्हें कितनी सैलरी और क्या-क्या सरकारी सुविधाएं मिलेंगी।

Image

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को कितनी सैलरी मिलेगी

Samrat Choudhary Salary: बिहार में नई सरकार बन चुकी है। भाजपा नेता सम्राट चौधरी बिहार के नए मुखिया बन गए हैं। उन्होंने आज यानी बुधवार 15 अप्रैल को पद और गोपनीयता की शपथ ली। सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनते ही नीतीश कुमार पूर्व मुख्यमंत्री बन गए। सम्राट चौधरी के साथ दो उपमुख्यमंत्रियों ने भी पद और गोपनीयता की शपथ ली। अभी तक सम्राट चौधरी एक साधारण विधायक और राज्य के उपमुख्यमंत्री थे, लेकिन अब वह सूबे के मुखिया हैं। ऐसे में उनकी जिम्मेदारियां बढ़ने के साथ ही उनके भत्तों में भी बदलाव होना लाजिमी है। चलिए जानते हैं, बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में सम्राट चौधरी को कितनी सैलरी मिलेगी? उन्हें कौन-कौन सी सुविधाएं मिलेंगी?

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को कितनी सैलरी मिलेगी?

चुनावी हलफनामे के आंकड़ों के अनुसार बिहार के नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और उनके परिवार के पास करोड़ों की संपत्ति है। लेकिन मुख्यमंत्री के तौर पर उन्हें एक फिक्स मानदेय मिलेगा। इसके अलावा उन्हें कई अन्य सुविधाएं भी मिलेंगी। साल 2025-26 के संसोधित आंकड़ों के अनुसार, बिहार के मुख्यमंत्री को मासिक वेतन और भत्ते मिलाकर लगभग 2.15 लाख रुपये से 2.50 लाख रुपये के बीच मानदेय मिलता है। अब सम्राट चौधरी को भी मुख्यमंत्री के तौर पर यही मानदेय मिलेगा।

CM सम्राट को ये सुविधाएं भी मिलेंगी

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को बेसिक सैलरी (Bihar CM Salary) के साथ ही निर्वाचन क्षेत्र भत्ता, सत्कार भत्ता और कई अन्य अलाउंसेज भी मिलेंगे। यही नहीं राज्य के मुख्यमंत्री के नाते उन्हें सीएम हाउस (सरकारी बंगला), स्टाफ, सरकारी आधिकारिक वाहन, मेडिकल फैसिलिटी के साथ ही Z या Z+ सुरक्षा भी मिलेगी। उन्हें सरकारी काम से कहीं भी जाने के लिए फ्री हवाई सफर और मुफ्त ट्रेन यात्रा की सुविधा भी मिलेगी।

सम्राट चौधरी और उनकी पत्नी के पास कितनी संपत्ति है?

CM सम्राट चौधरी और उनकी पत्नी कुमारी ममता की संपत्ति की बात करें तो संयुक्त रूप से यह आंकड़ा लगभग 11.34 करोड़ रुपये के करीब पहुंचता है। बता दें कि सीएम सम्राट चौधरी से ज्यादा संपत्ति उनकी पत्नी कुमारी ममता के नाम पर है। स्वयं सम्राट चौधरी की व्यक्तिगत चल-अचल संपत्ति करीब 4.85 करोड़ रुपये है, जिसमें 3.86 करोड़ रुपये के मकान और जमीन हैं। उनकी पत्नी कुमारी ममता के पास करीब 5.78 करोड़ की संपत्ति है। इसमें 5.50 करोड़ रुपये से ज्यादा की अचल संपत्ति है।

सम्राट चौधरी की सालाना आय कितनी है?

वित्तीय वर्ष 2024-25 के इनकम रिटर्न के अनुसार सम्राट चौधरी की वार्षिक आय करीब 17.91 लाख रुपये है। उनकी पत्नी की वार्षिक आय करीब 12.73 लाख रुपये है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article