शहर

राजस्थान का मौसम (29 May 2026) Rajasthan Weather Today: Heatwave से बेहाल राजस्थान में आज सूरज की गर्मी उतारेगी बारिश, कई जगह ओले गिरने की चेतावनी

राजस्थान का मौसम (राजस्थान में आज का मौसम कैसा रहेगा) 29 May 2026: राजस्थान में भीषण गर्मी के बीच अब मौसम करवट लेने लगा है। आज के लिए कई जिलों में बारिश, आंधी और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी हुआ है, जिससे लोगों को हीटवेव और गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

Image

राजस्थान में हीटवेव के बीच आज आंधी बारिश से मिलेगी राहत

राजस्थान में आज का मौसम (Rajasthan Weather Today 29 May 2026): राजस्थान में प्रचंड गर्मी और लू से जूझ रहे लोगों को आज यानी शुक्रवार 29 मई से राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने राज्य के उत्तर-पूर्वी जिलों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के सक्रिय होने से मौसम में बदलाव शुरू हो गया है और इसका असर आगामी 1 जून तक देखने को मिल सकता है। आज करीब 12 जिलों में बारिश और 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने की संभावना है।

कल जयपुर सीजन का सबसे गर्म दिन रहा

धौलपुर जिले में आज सुबह से ही कई इलाकों में बारिश हो रही है। वहीं कल यानी गुरुवार 28 मई को राजधानी जयपुर में इस सीजन का सबसे गर्म दिन रिकॉर्ड हुआ, जहां तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। दूसरी तरफ हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, झुंझुनूं, अलवर और चूरू में बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हुई।

नौतपा में तप रहे राजस्थान के ज्यादातर शहर

राजस्थान में इस बार नौतपा का असर बहुत ही जोरदार देखने को मिल रहा है। श्रीगंगानगर में गुरुवार को सबसे अधिक 47.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। इसके अलावा चूरू में 46.5, कोटा में 46.4, जैसलमेर और अलवर में 46 डिग्री, बीकानेर और फतेहपुर में 45.3 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ। कई जिलों में सुबह से दोपहर तक लू का असर बना रहा।

अगले तीन दिन पूरे राज्य में बारिश की संभावना

मौसम विभाग का कहना है कि अगले तीन दिनों तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। इससे तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने और Heatwave के असर में कमी की भी संभावना है।

राजस्थान में बन रहे हीट आईलैंड

इस बीच आईआईटी मुंबई की एक रिपोर्ट ने चिंता बढ़ा दी है। रिपोर्ट के अनुसार राजस्थान में तेजी से “हीट आईलैंड” विकसित हो रहे हैं, जहां शहरों का तापमान आसपास के क्षेत्रों की तुलना में कई डिग्री अधिक हो जाता है। झीलों की नगरी उदयपुर में इसका प्रभाव सबसे ज्यादा देखने को मिला है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि गर्मी और हीटवेव के कारण हर साल मौतों का आंकड़ा बढ़ रहा है।

IMD की चेतावनियों का करें पालन

जयपुर, कोटा, सीकर, अजमेर और जोधपुर सहित कई शहरों में आज शुक्रवार 29 मई और शनिवार 30 मई को तेज आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है। राज्य के लोगों से अपील है कि मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।

जानवरों में भी हीट स्ट्रोक का खतरा

भीषण गर्मी का असर सिर्फ इंसानों पर ही नहीं, बल्कि जानवरों पर भी देखने को मिल रहा है। विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि 45 डिग्री से ज्यादा तापमान में कुत्ते और बिल्ली जैसे पालतू जानवरों में हीट स्ट्रेस और हीट स्ट्रोक का खतरा कई गुना बढ़ जाता है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article