शहर

राजस्थान का मौसम (28 May 2026) Rajasthan Weather Today: प्रचंड गर्मी से तप रहे शहर, आज दोपहर बाद आंधी और बारिश का अलर्ट

राजस्थान का मौसम (राजस्थान में आज का मौसम कैसा रहेगा) 28 May 2026: राजस्थान में नौतपा की भीषण गर्मी लोगों को काफी तपा रही है। बुधवार को श्रीगंगानगर में पारा 48.2 डिग्री तक पहुंच गया। हालांकि, आज जयपुर सहित कई जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट है।

Image

राजस्थान में आज कई जिलों में बारिश का अलर्ट

राजस्थान में आज का मौसम (Rajasthan Weather Today 28 May 2026): देश में इन दिनों प्रचंड गर्मी पड़ रही है और राजस्थान में लोग सीवियर Heatwave से परेशान हैं। राज्य के कई शहरों में तापमान लगातार 45 डिग्री सेल्सियस के पार दर्ज किया जा रहा है। कल यानी बुधवार 28 मई को श्रीगंगानगर 48.2 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ देश का तीसरा सबसे गर्म शहर रहा। मौसम विभाग ने आज यानी गुरुवार 28 मई को राजधानी जयपुर सहित 11 जिलों में आंधी और हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया है, लेकिन इसके बावजूद लोगों को फिलहाल हीटवेव और तेज गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद कम है। आंधी बारिश के असर से 29 मई से तापमान में दो से तीन डिग्री गिरावट होने तथा 29-30 मई से 'हीटवेव' से राहत मिलने की संभावना है।

मौसम विभाग के जयपुर केंद्र के अनुसार, राज्य में तेज गर्मी (हीटवेव/सीवियर हीटवेव व वॉर्म नाइट) का दौर एक दो दिन जारी रहने की पूरी संभावना है। पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती इलाकों में आज भी कहीं-कहीं अधिकतम तापमान 48 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार, उत्तर-पश्चिमी राजस्थान में हीटवेव का असर सबसे अधिक देखने को मिल रहा है। श्रीगंगानगर के अलावा चूरू, बीकानेर, पिलानी और भीलवाड़ा में भी तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रिकॉर्ड हुआ है। वहीं कोटा, फलोदी और हनुमानगढ़ में रात का तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। कोटा में बुधवार की रात सबसे गर्म दर्ज की गई।

दोपहर बाद इन जिलों में आंधी और बारिश

मौसम विभाग ने बताया कि आज दोपहर बाद एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होने के कारण जयपुर, चूरू, झुंझुनूं, सीकर, दौसा, अलवर, भरतपुर, धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर और टोंक जिलों में आंधी और हल्की बारिश हो सकती है। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि, विशेषज्ञों का कहना है कि मई के अंतिम दिनों में भी तेज गर्मी और लू का असर बना रहेगा। आंधी बारिश की गतिविधियों में 30 मई से और बढ़ोतरी होने की संभावना है। जून के पहले सप्ताह में भी राज्य के कुछ हिस्सों में आंधी बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी।

सीकर में बारिश ने बढ़ाई उमस

राजधानी जयपुर में बुधवार को लगातार दूसरे दिन तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज हुआ। यहां अधिकतम तापमान 43.7 डिग्री और न्यूनतम 32 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दिनभर गर्म हवाओं और तेज धूप से लोग काफी परेशान रहे। सीकर में तापमान 45 डिग्री तक पहुंच गया। मंगलवार को हुई हल्की बारिश के बाद यहां उमस बढ़ गई है, जिससे लोगों को और अधिक परेशानियों का सामना करना पड़ा।

जोधपुर-बीकानेर में भीषण गर्मी

बीकानेर में राष्ट्रीय राजमार्ग पर चल रही कई कारों के तापमान मीटर में पारा 49 डिग्री तक दिखाई दिया। तेज धूप और लू के कारण दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। जोधपुर में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अजमेर में नौतपा के तीसरे दिन तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।

अलवर में आज पारा पहुंचेगा 47 पार

झीलों के शहर उदयपुर और अलवर में भी गर्मी का प्रकोप जारी है। अलवर में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया और मौसम विभाग ने आज यानी गुरुवार को 47 डिग्री तक पहुंचने की संभावना जताई है। हालांकि, कुछ इलाकों में बादल छाने और हल्की बारिश के संकेत भी दिए गए हैं।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है। इसके साथ ही सलाह दी गई है कि पर्याप्त मात्रा में पानी पीएं और लू से बचाव के सभी उपाय अपनाएं। लगातार बढ़ती गर्मी और उमस के कारण लोगों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंह author

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी... और देखें

End of Article