राजस्थान में आज का मौसम (23 April 2026): राजस्थान में प्रचंड गर्मी का असर दिखाना शुरू हो गया है। कल यानी बुधवार 22 अप्रैल को राजस्थान के कई जिलों में भीषण गर्मी के चलते लू जैसे हालात थे। आज गुरुवार 23 अप्रैल को भी कई जिलों में लू की चेतावनी दी गई है। हालांकि, मौसम विभाग ने कल यानी शुक्रवार 24 अप्रैल से कई जिलों और शहरों के लिए Heatwave का अलर्ट दिया है। चलिए जानते हैं राजस्थान में आज का मौसम, राजस्थान में कल का मौसम और राजस्थान में अगले कुछ दिन का मौसम कैसा रहेगा।
राजस्थान में आज भी प्रचंड गर्मी की संभावना
राजस्थान में कल कैसा रहा मौसम
राजस्थान के कई जिलों में पारा लगातार चढ़ता हुआ दिख रहा है। कल यानी बुधवार 22 अप्रैल को राज्य में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। कल यानी बुधवार को राजधानी जयपुर सहित कई जिलों और शहरों में तेज धूप व गर्म हवाओं के कारण तापमान में करीब 2 डिग्री तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
राजस्थान में कल का मौसम
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने कल यानी शुक्रवार 24 अप्रैल से राज्य में लू (Heatwave) चलने की चेतावनी दी है। प्रचंड गर्मी के चलते प्रशासन ने भी एहतियाती कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। जयपुर जिला प्रशासन ने छोटे बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 8वीं कक्षा तक के स्कूलों की टाइमिंग में बदलाव किया है, जो 27 अप्रैल से लागू होगा।
इस शहर में रहा सबसे ज्यादा तापमान
बुधवार को राज्यभर में मौसम साफ रहा, जिससे तापमान में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिली। कोटा, पिलानी, चित्तौड़गढ़ और चूरू जैसे जिलों में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा। राज्य में सबसे ज्यादा तापमान श्रीगंगानगर में रिकॉर्ड हुआ। शहर में पारा 43.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया और दिनभर धूलभरी आंधी भी चलती रही।
गुलाबी नगरी में गर्मी से लाल हुए लोग
जयपुर में बुधवार को अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री और न्यूनतम 27.5 डिग्री दर्ज किया गया। दोपहर के समय गर्म हवाओं ने गुलाबी नगरी के लोग काफी परेशान रहे। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में तापमान और बढ़ने की आशंका जताई है।
ये भी पढ़ें - बंगाल के नाम का इतिहास क्या है, यह नाम कहां से आया?
अलवर में बुधवार को इस सीजन की पहली लू का असर महसूस किया गया, जहां तापमान 41.8 डिग्री तक पहुंच गया। पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर में भी गर्मी का असर देखने को मिला और प्रशासन ने लू को देखते हुए एडवाइजरी जारी की है। अजमेर, सीकर, कोटा और उदयपुर जैसे शहरों में भी तापमान लगातार बढ़ रहा है। कई जगहों पर दोपहर के समय सड़कों पर आवाजाही ना के बराबर देखने को मिल रही है।
भारत मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में गर्मी बढ़ेगी। ऐसे में लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है। साथ ही पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और सतर्क रहने की भी सलाह है।
