राजस्थान में आज का मौसम (Rajasthan Weather Today 1 जून 2026): पिछले कुछ हफ्तों से राजस्थान में प्रचंड गर्मी और Heatwave का दौर चल रहा था, लेकिन मौसम के बदलते मिजाज से अभी राज्य में गर्मी से राहत मिली है। पिछले कुछ दिनों से एक्टिव वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के चलते भीषण गर्मी से कुछ हद तक राहत मिली है। राज्य में शनिवार और रविवार दो दो दिन रेत के विशाल बवंडर देखने को मिले। अब आज यानी सोमवार 1 जून को भी कई जिलों में आंधी और बारिश का दौर जारी है।
20 जिलों में आंधी-बारिश का येलो अलर्ट
एक्टिव वेस्टर्न डिस्टरबेंश के प्रभाव में आज सुबह सवाई माधोपुर, कोटा और अजमेर सहित कई इलाकों में बारिश हुई, जबकि राजधानी जयपुर और दौसा में बादलों की आवाजाही देखने को मिली। मौसम विभाग ने आज यानी 1 जून को राज्य के 20 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार आंधी, बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां 4 जून तक जारी रह सकती हैं। मौसम की इस गतिविधि से लोगों को प्रचंज गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
पाकिस्तान बॉर्डर से उठा रेत का बवंडर
रविवार को जैसलमेर के सीमावर्ती क्षेत्रों में दोपहर बाद अचानक मौसम बदल गया। पाकिस्तान सीमा की ओर से उठे रेत के तेज बवंडर ने कई इलाकों को अपनी चपेट में ले लिया। सुल्ताना, मोहनगढ़, सुथार मंडी सहित आसपास के क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ धूल का घना गुबार छा गया। बाद में कई जगहों पर बारिश और ओलावृष्टि भी हुई, जिससे तापमान में गिरावट आई और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली।
बाड़मेर में तापमान गिरा, फिर भी सबसे गर्म
रविवार को बीकानेर, हनुमानगढ़, चूरू, जैसलमेर, जोधपुर, उदयपुर, बाड़मेर और जालोर में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश दर्ज की गई। मौसम में बदलाव के कारण कई शहरों में दिन के तापमान में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई। रविवार को सबसे अधिक गर्मी बाड़मेर में रही, जहां अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि कुछ दिन पहले ही यहां तापमान 48 डिग्री के करीब बना हुआ था। इसके अलावा जैसलमेर में 41.5 डिग्री, जालोर में 39.1 डिग्री और जोधपुर में 38.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ।
जयपुर-कोटा में बारिश से पारा गिरा
राजधानी जयपुर में सोमवार को मौसम अपेक्षाकृत सुहावना बना रहा। यहां अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक जयपुर में इसी तरह बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना जताई है। कोटा में पिछले 24 घंटों के दौरान 5.8 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई, जिससे लोगों को गर्मी से काफी हद तक राहत मिली। वहीं अजमेर में भी शनिवार की बारिश का असर रविवार तक दिखाई दिया और तापमान में करीब डेढ़ डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।
अगले कुछ दिन आंधी-बारिश होगी
उदयपुर के ग्रामीण इलाकों में तेज आंधी के कारण कई बिजली खंभे क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे क्षेत्र में बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई। दूसरी ओर सीकर में बादलों की आवाजाही बनी रही। हालांकि, बारिश नहीं होने से उमस का असर महसूस किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण अगले कुछ दिनों तक राजस्थान में मौसम परिवर्तनशील रहेगा और कई जिलों में आंधी, बारिश तथा तेज हवाओं की गतिविधियां जारी रह सकती हैं।
