यूपी में आज का मौसम (01 June 2026): उत्तर प्रदेश में पिछले 4 दिनों से जारी बारिश के मौसम के चलते लू पूरी तरह से गायब हो गई है। साथ ही तापमान में भारी गिरावट देखने को मिली है। जिससे कई जगहों पर मौसम भी सुबह-शाम सुहावना हो गया है। बारिश का सिलसिला अभी भी जारी है। मौसम विभाग ने आज यूपी के 63 जिलों में आंधी-बारिश का लेकर अलर्ट जारी किया है। बारिश ने एक ओर लोगों को गर्मी से राहत दिलाई है, वहीं दूसरी ओर जनजीवन पर भी इस मौसम का बुरा प्रभाव पड़ रहा है। कई जगहों पर बारिश जनित हादसों में जनहानि की खबरें भी सामने आई हैं। साथ ही आंधी-तूफान के कारण बिजली के खंभे गिरने, पेड़ टूटने और टिनशेड उड़ने जैसी घटनाएं भी सामने आ रही हैं।
यूपी में 1 जून को कैसा रहेगा मौसम
यूपी में आज सुबह से ही अधिकांश हिस्सों में बादल छाए हुए हैं। हालांकि बीच-बीच में धूप भी निकल रही है। मौसम विभाग के अनुसार आज 63 जिलों में गरज-चमक के साथ कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश होने का अनुमान है। इस दौरान 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। साथ ही कई जगहों पर बिजली गिरने की भी चेतावनी जारी की गई है।
यूपी के किन जिलों में आज बारिश का अलर्ट
प्रयागराज, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, लखनऊ, बाराबंकी, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, सहारनपुर, शामली, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फरुखाबाद, कन्नौज, अलीगढ़, मधुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, मैनपुरी, एटा, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, संभल, बदायूं, झांसी और ललितपुर।
यूपी में बारिश से बदला मौसम
यूपी में रविवार को संभल, हाथरस, मुरादाबाद, समेत कई जिलों में झमाझम बारिश हुई। वहीं शाहजहांपुर, फिरोजाबाद, अलीगढ़, फर्रुखाबाद और बुलंदशहर में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटे में बलिया में 34.4 मिमी, मुरादाबाद में 21.8 मिमी, हरदोई में 19.4 मिमी, लखनऊ में 2.4 मिमी, लखीमपुर खीरी में 2 मिमी, हमीरपुर में 3 मिमी और आगरा में 2.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। रविवार को यूपी का सबसे गर्म जिला बस्ती रहा, जहां का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
