राजस्थान: महिला प्रत्याशी ने चला अनोखा दांव, कांग्रेस-भाजपा और निर्दल तीनों से भरा पर्चा, आखिरकार BJP से बनी प्रधान

Deeg Pradhan Chunav: बती कुमारी कांग्रेस से नामांकन दाखिल करने पहुंचीं, तो वे साड़ी पहनकर आईं। भाजपा से नामांकन दाखिल करने के दौरान वह सूट पहनकर पहुंचीं। उन्होंने निर्दल भी पर्चा भरा था।

Deeg Pradhan Chunav: डीग जिले की पंचायत समिति से प्रधान चुनाव का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने सियासी गलियारों में चर्चाएं तेज कर दी हैं। यहां एक ही महिला ने कांग्रेस, निर्दलीय और भाजपा, तीनों ही पार्टियों से नामांकन दाखिल किया और आखिरकार भाजपा के सिंबल पर प्रधान बन गईं। खास बात यह है कि पंचायत समिति में कांग्रेस के पास पूर्ण बहुमत होने का दावा किया जा रहा था, फिर भी बाजी भाजपा के हाथ लगी।

Rajasthan

राजस्थान में महिला प्रत्याशी ने चला अनोखा दांव (फोटो साभार- TNN)

कांग्रेस, निर्दलीय और भाजपा से नामांकन

इस पूरे घटनाक्रम में नामांकन से लेकर शपथ ग्रहण तक महिला के अलग-अलग अंदाज भी चर्चा का विषय बने रहे। जब बती कुमारी कांग्रेस से नामांकन दाखिल करने पहुंचीं, तो वे साड़ी पहनकर आईं। उस दौरान उनके साथ कांग्रेस के पूर्व विधायक वाजिब अली मौजूद थे। कांग्रेस खेमे में तब उम्मीद थी कि बती कुमारी उन्हीं की तरफ से प्रधान पद की दावेदार होंगी। इसके बाद कहानी ने नया मोड़ लिया। भाजपा से नामांकन दाखिल करने के दौरान बती कुमारी सूट पहनकर पहुंचीं। इस दौरान उनके साथ राजस्थान के गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म मौजूद रहे।

भाजपा के सिंबल पर नामांकन की तस्वीर सामने आते ही राजनीतिक हलकों में हलचल मच गई। लोग पूछने लगे कि आखिर रातों-रात ऐसा क्या बदला कि कांग्रेस से नामांकन करने वाली बती कुमारी भाजपा में पहुंच गईं। दिलचस्प तस्वीर तो प्रधान बनने और शपथ ग्रहण के दौरान सामने आई। बती कुमारी तीसरी बार अलग साड़ी पहनकर शपथ ग्रहण समारोह में पहुंचीं। वहां गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने उन्हें मिठाई खिलाकर प्रधान बनने की शुभकामनाएं दीं। शपथ ग्रहण की तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी खूब वायरल हो रही हैं।

एक ही महिला के तीन नामांकन

कांग्रेस के बहुमत के दावों के बीच भाजपा के सिंबल पर प्रधान बनना और एक ही महिला के तीन अलग-अलग नामांकन व तीन अलग-अलग अंदाज, डीग की राजनीति में इस घटनाक्रम को खास बना रहे हैं। राजनीतिक जानकारों का कहना है कि पंचायत समिति के प्रधान चुनाव में अक्सर ऐसे सियासी खेल देखने को मिलते हैं, लेकिन एक ही प्रत्याशी के तीन नामांकन का मामला बेहद दुर्लभ है।

कैसे बन गई भाजपा के सिंबल पर प्रधान

अब डीग में हर कोई यही जानना चाहता है कि कांग्रेस का बहुमत होने के बावजूद बती कुमारी भाजपा के सिंबल पर कैसे प्रधान बन गईं। क्या यह किसी रणनीति का हिस्सा था या फिर अंतिम समय में हुए किसी समझौते का नतीजा। फिलहाल डीग की इस सियासी कहानी पर सबकी नजर टिकी हुई है।

End Article
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखत...

End of Feed