रायपुर

Naxals Encounter: छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के खिलाफ बड़ा ऑपरेशन, एनकाउंटर में सात नक्सली ढेर

  • Agency by: Agency
  • Updated May 23, 2024, 07:55 PM IST

Naxals Encounter: छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के खिलाफ कार्रवाई जारी है। सुरक्षाबलों ने गुरुवार को नक्सलियों के खिलाफ ऑपरेशन चलाया, जिसमें सात नक्सली ढेर हो गए।

Image

फाइल फोटो।

Photo : PTI

Naxals Encounter: छत्तीसगढ़ के नारायणपुर और बीजापुर जिले की सीमा में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में सात नक्सलियों को मार गिराया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नारायणपुर-बीजापुर जिले के सीमावर्ती क्षेत्र में नक्सलियों के प्लाटून नंबर-16 और इंद्रावती एरिया कमेटी के नक्सलियों की उपस्थिति की सूचना पर नारायणपुर, दंतेवाड़ा तथा बस्तर जिले के जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी), बस्तर फाइटर्स और विशेष कार्य बल (एसटीएफ) के संयुक्त दल को गश्त के लिए रवाना किया गया था।

नक्सलियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़

अधिकारी बताया कि दल आज सुबह 11 बजे जब क्षेत्र में था तो नक्सलियों ने उन पर गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके बाद सुरक्षाबलों ने भी जवाबी कार्रवाई की। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच देर तक मुठभेड़ जारी रही। उन्होंने बताया कि सुरक्षाबलों ने घटनास्थल से सात नक्सलियों के शव और हथियार बरामद किए हैं। मुठभेड़ में कई नक्सलियों के घायल होने का अंदेशा है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ अभियान जारी है।

इस साल अब तक 112 नक्सली ढेर

इस घटना के साथ ही इस साल राज्य में सुरक्षाबलों के साथ अलग-अलग मुठभेड़ों में अब तक 112 नक्सली मारे जा चुके हैं। इससे पहले 10 मई को बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में 12 नक्सली मारे गए थे। वहीं, 30 अप्रैल को नारायणपुर और कांकेर जिले की सीमा पर सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में तीन महिलाओं सहित 10 नक्सली मारे गए थे। इसके अलावा, सुरक्षाबलों ने 16 अप्रैल को कांकेर जिले में मुठभेड़ में 29 नक्सलियों को मार गिराया था।

Read the Raipur Latest News in Hindi, Raipur Local News in Hindi, Raipur Breaking News and Updates, Raipur News Headlines, Raipur Hindi News Paper & रायपुर (न्यूज़) समाचार @ Times Now Navbharat

End of Article