Jaipur Molestation News: राजस्थान की राजधानी जयपुर में महिलाओं के साथ छेड़छाड़ (Molestation) के लगातार सामने आ रहे मामलों ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हाल ही में जहां एक बाइक सवार युवती के साथ मनचले युवकों द्वारा छेड़खानी का मामला सामने आया था, वहीं अब मालवीय नगर इलाके में एक गर्भवती महिला के साथ छेड़छाड़ की घटना ने सभी को झकझोर दिया है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना 25 मार्च को मालवीय नगर क्षेत्र में हुई थी। पीड़िता ने मामले को लेकर जवाहर सर्किल थाने में शिकायत भी दर्ज कराई थी। आरोप है कि पुलिस ने आरोपी को थाने बुलाया, लेकिन कार्रवाई करने के बजाय उसे छोड़ दिया गया और पीड़िता को ही रवाना कर दिया गया।
20 दिन बीत जाने के बावजूद भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं
बताया जा रहा है कि आरोपी गिरधर मार्ग इलाके में एक स्पा सेंटर चलाता है। घटना के करीब 20 दिन बीत जाने के बावजूद भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
एक एएसआई और हेड कांस्टेबल को सस्पेंड कर दिया गया है
मामले के तूल पकड़ने के बाद विभागीय कार्रवाई की गई है। एक एएसआई और हेड कांस्टेबल को सस्पेंड कर दिया गया है, जबकि थाना प्रभारी आशुतोष को चार्जशीट दी गई है।
महिला से छेड़छाड़ का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
इस बीच, महिला से छेड़छाड़ का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। फिलहाल, सवाल यही है कि आखिर राजधानी में महिलाओं की सुरक्षा कब सुनिश्चित हो पाएगी?
चलती बाइक पर युवती से छेड़छाड़
हाल ही में राजस्थान के जयपुर के मुहाना थाना इलाके में चलती बाइक पर युवती से छेड़छाड़ करने और इस घटना का वीडियो बनाने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जयपुर (दक्षिण) डीसीपी राजर्षि राज ने इस मामले का खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि इस घटना में बाइक सवार दो युवकों ने बाइक पर जा रही एक लड़की से छेड़छाड़ की थी। वहीं, उनके पीछे बाइक पर चल रहे दो युवकों ने इस घटना का वीडियो बनाया। सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मुहाना थाने में मुकदमा दर्ज किया और चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान के लिए पुलिस ने 500 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले।
10 अप्रैल को वायरल हुआ वीडियो
डीसीपी राजर्षि राज ने बताया कि यह घटना मुहाना थाना इलाके की है। हालांकि, यह घटना पिछले साल दिसंबर की है, जहां एक बाइक पर जा रही युवती से बाइक सवार मनराज और सुदामा मीणा ने छेड़छाड़ की। उनके दो साथियों ने इस घटना का अपने मोबाइल से वीडियो भी बनाया। यह वीडियो 10 अप्रैल को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो पुलिस ने मुहाना थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। घटना के वीडियो, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी अनुसंधान से आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया है।
