जयपुर में महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवालिया निशान खड़े हो रहे हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में दावा किया जा रहा है कि बाइक सवार कुछ युवकों ने एक युवती के साथ छेड़छाड़ की। जानकारी के मुताबिक, घटना के समय युवती बाइक टैक्सी पर सवार थी, तभी रास्ते में कुछ मनचले युवकों ने उसका पीछा करते हुए अभद्र हरकतें कीं।
मामला सामने आने के बाद जयपुर पुलिस ने तुरंत संज्ञान लिया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, वीडियो की जांच की गई है और आरोपियों की पहचान भी कर ली गई है। जयपुर पुलिस के अपर पुलिस कमिश्नर (यातायात और प्रशासन) योगेश दाधीच (Yogesh Dadhich) ने मीडिया से बातचीत में कहा कि यह एक निंदनीय घटना है और पुलिस टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई कर रही हैं। उन्होंने भरोसा कहा कि जल्द ही दोनों आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी दौसा जिले के निवासी हैं और वर्तमान में टोंक में रह रहे हैं। उनका जयपुर में नियमित आना-जाना था। पुलिस ने उनके संभावित ठिकानों की पहचान कर ली है और तकनीकी सर्विलांस के जरिए उन्हें ट्रैक किया जा रहा है।
वायरल वीडियो का पुलिस ने लिया संज्ञान
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अब तक पीड़िता की ओर से कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, लेकिन पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर स्वतः संज्ञान लेकर जांच को आगे बढ़ा रही है। अधिकारियों का कहना है कि महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।
इस घटना के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है। कई यूजर्स ने राज्य सरकार और पुलिस से मांग की है कि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
