Jagannath Rath Yatra 2025: शुक्रवार को ओडिशा के पुरी में आयोजित विश्व प्रसिद्ध रथ यात्रा के दौरान भारी भीड़ के चलते अफरा-तफरी मच गई, जिसमें 300 से अधिक श्रद्धालु घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत इलाज के लिए विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया। घटना उस समय हुई जब भगवान बलभद्र के तालध्वज रथ को खींचने की प्रक्रिया शुरू हुई। जैसे ही रथ को खींचने का शुभारंभ हुआ, हजारों श्रद्धालु भावनात्मक रूप से जुड़ाव के चलते रथ की रस्सी को छूने के लिए दौड़ पड़े और रथ को लगभग 2.5 किलोमीटर दूर गुंडिचा मंदिर की ओर खींचने की कोशिश में भीड़ बेकाबू हो गई।
रथ यात्रा के दौरान श्रद्धालु हुए घायल (सांकेतिक फोटो)
ग्रैंड रोड पर हुई इस घटना में भीड़ इतनी अधिक थी कि कई श्रद्धालु आपस में धक्कामुक्की में घायल हो गए। सूत्रों के अनुसार, 300 से अधिक श्रद्धालुओं को हाईटेक अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें से 173 को हाई डिपेंडेंसी यूनिट (HDU) में रखा गया, जबकि 68 मरीजों का इलाज ओपीडी में किया गया। गंभीर स्थिति में पहुंचे कम से कम आठ श्रद्धालुओं को जिला मुख्यालय अस्पताल (DHH) भेजा गया।
आपातकालीन उपचार की व्यवस्था की निगरानी कर रहे डॉ. मानस रंजन पाणिग्रही ने बताया कि हमने प्राथमिक उपचार के लिए तीन स्तर बनाए हैं (पीला, हरा और लाल जोन), जिनके तहत मरीजों की गंभीरता के अनुसार उपचार किया जा रहा है। अब तक हमने 300 से अधिक मरीजों का इलाज किया है, जिनमें से अधिकतर को चोट, उच्च रक्तचाप, कमजोरी और हाइपरग्लाइसेमिया की शिकायत थी।
