पंजाब के तरनतारन जिले के गोइंदवाल साहिब इलाके में शुक्रवार को पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ का मामला सामने आया है। रंगदारी के लिए हाल ही में हुई तीन गोलीबारी की घटनाओं में शामिल एक संदिग्ध को पुलिस ने जवाबी कार्रवाई के दौरान दबोच लिया, जबकि उसका साथी मौके से फरार होने में कामयाब रहा। पुलिस ने मौके से एक अवैध हथियार भी बरामद किया है।
घटनास्थल की तस्वीर
पेट्रोलिंग के दौरान हुई आमने-सामने की मुठभेड़
तरनतारन के SSP सुरिंदर लांबा ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि गोइंदवाल साहिब थाने की एक टीम रूटीन गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश में इलाके में तैनात थी। इसी दौरान पुलिस ने दो युवकों को पैदल चलते हुए देखा। जब पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो एक आरोपी भागने की फिराक में जुट गया जबकि दूसरे ने पुलिस पार्टी पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली, अस्पताल में भर्ती
पुलिस ने अपनी आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। इस दौरान एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया, जिसे पुलिस ने मौके पर ही दबोच लिया। घायल बदमाश को तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। वहीं, उसका दूसरा साथी मौके से भाग निकला, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं।
कुख्यात मानप्रीत उर्फ मन्ना के रूप में हुई पहचान
घायल आरोपी की शुरुआती पूछताछ में पहचान मानप्रीत उर्फ मन्ना (निवासी खावास्पूर) के रूप में हुई है। एसएसपी सुरिंदर लांबा ने खुलासा किया कि आरोपी मन्ना ने पूछताछ में कबूल किया है कि वह इलाके में फिरौती और रंगदारी वसूलने के लिए हुई तीन अलग-अलग फायरिंग की वारदातों में शामिल रहा है। फिलहाल, पुलिस ने इलाके में कड़ा पहरा बैठा दिया है और फरार चल रहे उसके साथी को धर दबोचने के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस सिंडिकेट में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
