Punjab News: पंजाब में नशे का दावानल थमने का नाम नहीं ले रहा है। तरनतारन जिले के पट्टी विधानसभा क्षेत्र के गांव तूत से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां महज 20 साल के युवक प्रितपाल सिंह की ड्रग ओवरडोज के कारण मौत हो गई। युवक ने नशे का इंजेक्शन लगाया था, जिसके तुरंत बाद उसने दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद मृतक के परिजनों और गांव वालों में स्थानीय पुलिस व प्रशासन के खिलाफ भारी गुस्सा और आक्रोश देखा जा रहा है।
पट्टी के गांव तूत की घटना
घर के बाथरूम में लगाया इंजेक्शन, मौके पर ही टूटी सांसें
घटना के संबंध में जानकारी देते हुए मृतक प्रितपाल सिंह के चाचा सुखदेव सिंह रौनकी ने रोते हुए अपना दर्द बयां किया। उन्होंने बताया कि प्रितपाल के पिता की कई साल पहले ही मृत्यु हो चुकी थी। घर में प्रितपाल, उसकी मां और उसका बड़ा भाई रहते हैं। बड़ा भाई फिलहाल किसी मामले में जेल में बंद है, जिसके चलते प्रितपाल ही अपनी मां का एकमात्र सहारा बचा था। परिजनों के अनुसार, शनिवार देर रात प्रितपाल ने गांव की ही गली में स्थित एक घर से ड्रग खरीदा। इसके बाद वह अपने घर के बाथरूम में गया और खुद को नशे का इंजेक्शन लगा लिया। नशीले पदार्थ की मात्रा अत्यधिक होने के कारण बाथरूम में ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
"500 मीटर दूर है थाना, फिर भी खुलेआम बिक रहा नशा"
मृतक के चाचा ने स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर बेहद गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि गांव तूत में नशे के सौदागर बेखौफ होकर खुलेआम ड्रग बेच रहे हैं, लेकिन पुलिस कोई सख्त कदम नहीं उठा रही है। मृतक के चाचा सुखदेव सिंह का आरोप है कि "हमारे इस अकेले मोहल्ले में पिछले 3-4 महीनों के भीतर ही ड्रग ओवरडोज की वजह से 5 से 6 युवाओं की जान जा चुकी है। ताज्जुब की बात यह है कि पुलिस स्टेशन यहां से महज 500 मीटर की दूरी पर स्थित है।" जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्होंने इस संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी, तो उन्होंने बेबसी जताते हुए कहा कि गांव वालों ने जानबूझकर पुलिस को सूचित नहीं किया क्योंकि पुलिस ऐसे मामलों में कोई ठोस कार्रवाई नहीं करती और शिकायत करने के बावजूद नशे की बिक्री धड़ल्ले से जारी रहती है।
