विश्व हाइपरटेंशन दिवस पर पंजाब सरकार की बड़ी पहल, मुख्यमंत्री सेहत योजना से लाखों मरीजों को मिल रहा मुफ्त और समय पर इलाज

विश्व हाइपरटेंशन दिवस पर पंजाब सरकार की मुख्यमंत्री सेहत योजना हाई ब्लड प्रेशर से पीड़ित मरीजों के लिए राहत का बड़ा सहारा बनकर उभरी है। राज्यभर में करोड़ों लोगों की स्क्रीनिंग कर उन्हें समय पर इलाज और मुफ्त स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं।

Punjab News: विश्व हाइपरटेंशन दिवस के अवसर पर पंजाब सरकार की मुख्यमंत्री सेहत योजना हाई ब्लड प्रेशर और उससे जुड़ी गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों के लिए बड़ी राहत बनकर सामने आई है। राज्य सरकार का दावा है कि यह योजना लोगों को समय पर और कैशलेस उपचार उपलब्ध करवाकर स्ट्रोक, हार्ट फेलियर और किडनी रोग जैसी जानलेवा जटिलताओं से बचाने में अहम भूमिका निभा रही है। हाइपरटेंशन यानी हाई ब्लड प्रेशर को डॉक्टर ‘साइलेंट किलर’ मानते हैं, क्योंकि इसके लक्षण अक्सर देर से सामने आते हैं और कई बार मरीज को बीमारी का पता तब चलता है जब गंभीर जटिलताएं उत्पन्न हो चुकी होती हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के अनुसार भारत में उच्च रक्तचाप के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है, जिसके पीछे खराब खानपान, तनाव, तंबाकू सेवन, शारीरिक गतिविधियों की कमी और अनियमित जीवनशैली प्रमुख कारण माने जा रहे हैं।

Punjab CM Bhagwant Mann (Photo: PTI)

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान (फोटो: पीटीआई)

30 साल से अधिक आयु के लोगों की नियमित जांच

पंजाब सरकार ने बढ़ते मामलों को देखते हुए रोकथाम, समय पर पहचान और उपचार पर विशेष ध्यान केंद्रित किया है। ‘सीएम दी योगशाला’ के जरिए लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है, जबकि आम आदमी क्लीनिकों में नियमित स्क्रीनिंग की सुविधा उपलब्ध करवाई गई है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह के मुताबिक राज्य के 990 आम आदमी क्लीनिकों सहित सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर 30 साल से अधिक आयु के लोगों की नियमित जांच की जा रही है। अब तक 1 करोड़ से अधिक लोगों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है और करीब 24 लाख मरीजों को उपचार के दायरे में लाया गया है।

End of Feed