Punjab Election 2027: भाजपा की पंजाब इकाई ने रविवार को 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी का घोषणापत्र तैयार करने के वास्ते राज्यभर के लोगों से सुझाव आमंत्रित करने को तीन फोन नंबर जारी किए। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि घोषणापत्र के लिए सुझाव लेने को एक क्यूआर कोड भी जारी किया गया है। ढिल्लों ने कहा, हम समाज के हर वर्ग से सुझावों का स्वागत करेंगे और उसके बाद चुनावी घोषणापत्र तैयार किया जाएगा। यह जनता का घोषणापत्र होगा।
भारतीय जनता पार्टी (फोटो साभार- PTI)
जनता का घोषणापत्र बनाएगी BJP
उन्होंने कहा, हमारा एकमात्र एजेंडा पंजाब की प्रगति और विकास है। यह हर पंजाबी का घोषणापत्र होगा। ढिल्लों ने कहा कि पार्टी घोषणापत्र के लिए सुझाव जुटाने को गांवों और शहरों में वाहन भी भेजेगी। पार्टी का दावा है कि घोषणापत्र केवल नेताओं की राय से नहीं, बल्कि जनता की जरूरतों से बनेगा। किसान, मजदूर, युवा, महिला, व्यापारी और छात्र समेत सभी वर्गों से सुझाव मांगे जा रहे हैं। लोग फोन, क्यूआर कोड और प्रचार वाहनों से अपनी मांगें भेज सकते हैं।
सुझावों को घोषणापत्र में किया जाएगा शामिल
घोषणापत्र समिति इन सुझावों को इकट्ठा करेगी और छंटनी के बाद प्रमुख मुद्दों को घोषणापत्र में शामिल किया जाएगा। नशा, बेरोजगारी, किसान कर्ज, शिक्षा, स्वास्थ्य और कानून व्यवस्था जैसे मुद्दों पर जनता की राय सबसे अहम होगी। गांवों में विशेष अभियान चलाया जाएगा। वाहन गांव-गांव जाकर लोगों से सुझाव पत्र भरवाएंगे। शहरों में बाजारों, कॉलेजों और मोहल्लों में कैंप लगाए जाएंगे।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- Punjab Election: पंजाब में फिर साथ आएंगे बीजेपी और अकाली दल?
बीजेपी-अकाली दल में हो सकता है गठबंधन
बता दें कि पंजाब में बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल के बीच फिर गठबंधन की चर्चाएं तेज हैं। सूत्रों के मुताबिक, दोनों दलों में बातचीत हो चुकी है और अगले सप्ताह औपचारिक ऐलान भी संभव है। हालांकि, सीटों के बंटवारे पर पेंच फंसा है। बीजेपी 50 से 55 सीटें चाहती है, जबकि अकाली दल उसे 45 सीटें देने को तैयार है। बीजेपी और अकाली दल 1997 से 2017 तक गठबंधन में चुनाव लड़ते रहे। सितंबर 2020 में कृषि कानूनों पर मतभेद के बाद अकाली दल ने एनडीए से नाता तोड़ लिया था। अब 2027 से पहले दोनों के फिर साथ आने की चर्चाएं तेज हैं।
