Pune Crime News: शक हर इंसान की जिंदगी में बेहद खतरनाक रहता है। बहुत बार इस शक के चक्कर में लोग ऐसा काम कर देते हैं, जिसके कारण उन्हें पूरी जिंदगी पछताना पड़ जाता है। शक की वजह से लोग अपराध का रास्ता भी अपना लेते हैं और गलत कदम उठा लेते हैं। ऐसा ही एक मामला महाराष्ट्र के पुणे में देखने को मिला है, जहां एक दोस्त ने अपने ही दोस्त को मौत के घाट उतार दिया। आरोपी दोस्त को शक था कि, मृतक का उसकी पत्नी के साथ अफेयर है। इस अफेयर के शक में दोस्त ने दोस्त की जान ले ली।
पत्नी से अफेयर के शक में दोस्त ने ली दोस्त की जान (प्रतीकात्मक तस्वीर)
घटना जालना जिले के अंबाद कस्बे की है। यहां होल्कर नगर इलाके में दिन दहाड़े एक 36 साल के शख्स ने अपनी पत्नी के साथ अफेयर रखने के शक में अपने दोस्त की कथित तौर पर हत्या कर दी है। मृतक की पहचान राजेंद्र भोरे के तौर पर हुई है, जिसकी उम्र 40 साल थी।
आरोपी के पड़ोसी ने भी दिया साथ
मामले पर पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया है कि, सोमवार सुबह मृतक राजेंद्र भोरे सैर के लिए अपने घर से बाहर निकला था। इंतजार में बैठे उसके दोस्त और पड़ोसी पाराजी दिवाते ने कथित तौर पर चाकू से गोदकर उसकी हत्या कर दी और उसे खून से लथपथ छोड़ दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को इस बात की जानकारी दी। जिसके बाद पुलिस को जांच में पता चला कि, राजेंद्र भोरे की हत्या उसके दोस्त और पड़ोसी ने मिलकर की है।इस वजह से गुस्से में था आरोपी दोस्त
पुलिस के अनुसार, हत्या को अंजाम देने वाले दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस को आरोपियों के पास से खून से सने कपड़े और हत्या को अंजाम देने वाला हथियार भी मिला है, जिसे जब्त कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी दोस्त ने बताया है कि उसको शक था कि मृतक राजेंद्र भोरे और उसकी पत्नी का अफेयर था। इसके अलावा उसने यह भी आरोप लगाया है कि राजेंद्र भोरे उसकी नपुंसकता की अफवाह भी फैलता था, जिससे गुस्से में आकर उसने इस घटना को अंजाम दिया।
