Bus Fire: ग्रेटर नोएडा में बस में आग लगने की दर्दनाक घटना के बाद अब महाराष्ट्र में भी चलती यात्री बस में आग लगने का मामला सामने आया है। गुरुवार सुबह उदयपुर से पुणे जा रही एक निजी यात्री बस में अचानक आग लग गई। हालांकि, समय रहते सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग लगने की वजह AC में तकनीकी खराबी बताई जा रही है।
उदयपुर से पुणे जा रही निजी बस में लगी भीषण आग
मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर हिरानंदानी एस्टेट और खालापुर टोल नाके के पास सुबह करीब 7 बजे यह हादसा हुआ। आग की भनक लगते ही चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए सभी यात्रियों को तुरंत सुरक्षित बाहर निकाल लिया। सूचना मिलते ही दमकल की एक गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया गया। हालांकि अभी तक घटना के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका है। मामले की जांच की जा रही है।
हैदराबाद में बस में लगी आग, सभी 38 यात्री सुरक्षित
ग्रेटर नोएडा और महाराष्ट्र जैसा ही हादसा हैदराबाद से भी सामने आया है। जहां श्रीशैलम जा रही एक निजी ट्रैवल बस में गुरुवार तड़के अचानक आग लग गई। करमनघाट हनुमान मंदिर के पास हुए इस हादसे के वक्त बस में कुल 38 यात्री सवार थे। रात करीब 2:15 बजे दमकल विभाग को इसकी सूचना मिली। आग इतनी तेजी से फैली कि पूरी बस जलकर खाक हो गई।
गनीमत रही कि आग भीषण होने से पहले सभी 38 यात्री समय रहते सुरक्षित बाहर निकल आए। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग की वजह बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों की मदद से सभी यात्रियों को सुरक्षित श्रीशैलम मंदिर पहुंचाया गया। लगातार सामने आ रही इस तरह की दुर्घटनाओं ने लंबी दूरी की यात्रा कराने वाली बसों के रखरखाव, वायरिंग और सुरक्षा मानकों की जांच पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
