Prayagraj Triple Murder: प्रयागराज जिले के यमुना नगर क्षेत्र में तीन बुजुर्गों की हत्या का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया। पुलिस के अनुसार, मंगलवार तड़के कुकुर कटवा गांव में श्याम लाल (65), अमरावती (62) और इंद्रावती (60) की हत्या कर दी गई थी। पुलिस उपायुक्त (यमुना नगर) विवेक चंद्र यादव ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मंगलवार शाम गांव निवासी हिमांशु यादव (22) और कई अन्य को गिरफ्तार किया गया था।
(सांकेतिक फोटो)
हथियार की बरामदगी के दौरान आरोपी ने छीनी पिस्तौल
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी हिमांशु यादव ने पुलिस को जानकारी दी कि उसने हत्या में इस्तेमाल हथियार परानीपुर मोड़ के पास एक झाड़ी में छिपा रखा है। पुलिस टीम मंगलवार देर रात जब उसे लेकर मौके पर पहुंची तो बरामदगी के दौरान उसने एक दरोगा की पिस्तौल छीन ली और पुलिस दल पर गोलीबारी कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया। उसे स्वरूप रानी नेहरू (एसआरएन) अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस उपायुक्त ने बताया कि आरोपी के एक साथी निहाल गौतम को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दूसरे आरोपी राजन यादव को पुलिस अभिरक्षा में रखा गया है। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी का एक युवती के साथ प्रेम प्रसंग था और युवती के ताऊ श्याम लाल उसके रास्ते में बाधा बन रहे थे। यादव ने बताया कि पुलिस ने आरोपी के भाई अंकित यादव को भी गिरफ्तार किया है, जिसने आरोपी के फरार होने में मदद की थी। इसके अलावा गांव के प्रधान गुड्डू यादव को भी गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि चार माह पहले युवती के आरोपी के साथ चले जाने की सूचना उन्होंने पुलिस को नहीं दी थी और मामले में समझौता कराने का प्रयास किया था।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि श्याम लाल के छोटे भाई की बेटी नेहा उर्फ प्रिया का आरोपी हिमांशु यादव के साथ प्रेम प्रसंग था। श्याम लाल, अमरावती और इंद्रावती इस रिश्ते का विरोध करते थे। पुलिस के अनुसार, इसी वजह से हिमांशु यादव ने कथित तौर पर तीनों की हत्या कर दी।
(इनपुट - भाषा)
