Prayagraj: जामिया हबीबिया मदरसे में छापे जा रहे थे जाली नोट, RSS को बताते थे आतंकवादी संगठन, PDA ने कर दिया सील

प्रयागराज विकास प्राधिकरण ने मदरसा जामिया हबीबिया मस्जिदे आजम को सील कर दिया है। मदरसे में जाली नोट छापे जाने का खुलासा हुआ है।

प्रयागराज: अतरसुइया स्थित एक मदरसे में जाली नोट छापे जाने का खुलासा होने और आरएसएस की तुलना आतंकवादी संगठन से करने वाली एक पुस्तक मिलने के बाद प्रयागराज विकास प्राधिकरण ने मदरसे को बुधवार को सील कर दिया। प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) के एक अधिकारी ने बताया कि बुधवार को अतरसुइया स्थित मदरसा जामिया हबीबिया मस्जिदे आजम को सील कर दिया गया, क्योंकि यह अनधिकृत था। पुलिस को 28 अगस्त को दबिश के दौरान इस मदरसे से महाराष्ट्र के पूर्व आईजी एसएम मुशरिफ की किताब “आरएसएस देश का सबसे बड़ा आतंकवादी संगठन” बरामद हुई थी जो उर्दू में लिखी थी।

आरएसएस देश का सबसे बड़ा आतंकवादी संगठन बताया

प्रयागराज पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, पुलिस की दबिश में नकली नोटों के अलावा एक किताब भी मिली थी जिसका उर्दू से हिंदी में अनुवाद कराने पर पता चला कि वह एसएम मुशरिफ द्वारा “आरएसएस देश का सबसे बड़ा आतंकवादी संगठन” शीर्षक से लिखी किताब है। पुलिस का मानना है कि मदरसे का मौलवी मोहम्मद तफसीरुल आरिफीन इस किताब के जरिए आरएसएस के खिलाफ “बच्चों के मन में जहर भरने” का काम करता था। इसी मामले में एलआईयू और एटीएस की टीम ने मंगलवार को मदरसे के कर्मचारियों से पूछताछ की थी।

End of Feed