Mahakumbh Stampede: प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ में बुधवार तड़के मची भगदड़ की वजह से सभी अखाड़ों ने मौनी अमावस्या पर अमृत स्नान नहीं करने का निर्णय किया था, लेकिन अब मौजूदा स्थिति के मद्देनजर अमृत स्नान को लेकर बड़ी जानकारी सामने आ रही है। बता दें महाकुंभ भगदड़ में 10 लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है, जबकि 40 लोग घायल बताए जा रहे हैं। इस हादसे को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तीन बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से फोन पर बात की और हर मुमकिन मदद मुहैया कराने का आश्वासन भी दिया है।
कब शुरू होगा अमृत स्नान?
मौनी अमावस्या पर सुबह पांच बजे होने वाला अमृत स्नान 11 बजे शुरू होने वाला है। टाइम्स नाउ नवभारत को मिली जानकारी के मुताबिक, अमृत स्नान 11 बजे शुरू होगा। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष रवींद्र पुरी ने बताया कि वह लगातार मेला प्रशासन के संपर्क में हैं और अखाड़ा परिषद आज अपना स्नान फिर से शुरू करेंगे।
समाचार एजेंसी एएनआई के साथ बातचीत में रवींद्र पुरी ने बताया कि घाटों पर उमड़ी भारी भीड़ के बाद सुबह अमृत स्नान को स्थगित कर दिया गया था। हमने अपने स्नान स्थगित करने की कोशिश की। अब जब भीड़ कम हो गई है और हमारे स्नान के लिए बनाए गए घाट खाली हो रहे हैं तो ऐसा लगता है कि सभी अखाड़े आज स्नान कर सकेंगे...
'रात में भी लगा सकते हैं डुबकी'
रवींद्र पुरी ने बताया कि अखाड़े छोटे पैमाने पर अपना जुलूस निकालेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि वे रात में भी पवित्र डुबकी लगा सकते हैं। उन्होंने कहा, ''हमारी परंपरा के अनुसार ही जुलूस निकाले जाएंगे, लेकिन छोटे पैमाने पर... हम मेला प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में हैं... हमारे पास बहुत समय है और हमें कोई जल्दी नहीं है। हम रात में भी स्नान कर सकते हैं, क्योंकि आज मौनी अमावस्या है..."
