प्रयागराज

Mahakumbh 2025: मां जानकी के मायके 'नेपाल' से 50 लाख लोगों ने महाकुंभ में आकर किया संगम में स्नान

People from Nepal in Mahakumbh: नेपाल के लोगों में प्रयागराज के त्रिवेणी संगम में स्नान के साथ साथ अयोध्या में श्री राम और काशी में बाबा विश्वनाथ का दर्शन करने का भी जुनून तेजी से बढ़ा है।

Image

महाकुंभ को लेकर जबरदस्त जन आस्था

KEY HIGHLIGHTS
  • नेपाल से लोग नए वस्त्र, आभूषण, फल, मेवा, पकवान, धोती-कुर्ता, गमछा आदि भेंट स्वरूप लाए हैं
  • विशेष रूप से भगवान श्रीराम के ससुराल जनकपुर से पवित्र अक्षत महाकुंभ में लाया गया है
  • जिसे संगम तट पर स्थित बड़े हनुमान जी को अर्पित किया गया है

People from Nepal in Mahakumbh 2025: मां जानकी के मायके नेपाल में महाकुंभ को लेकर जबरदस्त उल्लास देखा जा रहा है। दुनिया के सबसे बड़े सांस्कृतिक समागम महाकुंभ में अब तक नेपाल से आए 50 लाख से अधिक लोगों ने संगम में डुबकी लगाई है।सरकार द्वारा जारी बयान के मुताबिक, यहां बड़े हनुमान जी के लिए विशेष रूप से भगवान राम के ससुराल नेपाल से पवित्र अक्षत एवं अन्य सामान लेकर लोग आ रहे हैं और यहां से गंगा जल और संगम की माटी अपने साथ नेपाल ले जा रहे हैं। नेपाली श्रद्धालुओं में बड़े हनुमान मंदिर और अक्षयवट के प्रति अद्भुत आस्था देखने को मिल रही है।

'नेपाल एसोसिएशन ऑफ टूर एंड ट्रेवेल्स एजेंट्स' की बांके इकाई के अध्यक्ष श्री राम सिग्देल ने बताया कि नेपाल से विशेष रूप से भगवान श्रीराम के ससुराल जनकपुर से पवित्र अक्षत महाकुंभ में लाया गया है जिसे संगम तट पर स्थित बड़े हनुमान जी को अर्पित किया गया है।

नेपाल के श्रद्धालुओं ने संगम की रेत और गंगा जल को सबसे अमूल्य धरोहर मानते हुए माथे पर लगाया

उन्होंने कहा कि नेपाल के श्रद्धालुओं ने संगम की रेत और गंगा जल को सबसे अमूल्य धरोहर मानते हुए माथे पर लगाया और वे इसे अपने साथ घर ले गए। सिग्देल ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से की गई व्यवस्थाएं अतुलनीय हैं जिससे नेपाल के श्रद्धालुओं को भारत में आने पर किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई। उनके अनुसार लोग नेपाल से नए वस्त्र, आभूषण, फल, मेवा, पकवान, धोती-कुर्ता, गमछा आदि भेंट स्वरूप लाए हैं।

अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर निर्माण और काशी में विश्वनाथ धाम कॉरिडोर को लेकर नेपाल के श्रद्धालुओं में विशेष आकर्षण बढ़ा है। हर दिन लाखों की संख्या में नेपाल से श्रद्धालु संगम स्नान के लिए प्रयागराज पहुंच रहे हैं।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article