PoJK Protest: पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर (PoJK) में आम नागरिकों पर लगातार अत्याचार हो रहे हैं। पाकिस्तानी सुरक्षाबलों की तरफ से वहां शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे लोगों पर खुलेआम गोलियां चलाई जा रही हैं। LOC पार से आ रही चीखों और पाकिस्तान के मानवाधिकार उल्लंघन के विरोध में जम्मू में विस्थापित लोगों ने आज प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पाकिस्तान सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए भारत सरकार से PoJK को भारत का अभिन्न हिस्सा बनाने की दिशा में कदम उठाने की मांग की है।
जम्मू में विस्थापितों का पाकिस्तान के खिलाफ प्रदर्शन
प्रदर्शन में शामिल लोगों ने पाकिस्तान की सुरक्षा एजेंसियों पर PoJK के स्थानीय लोगों के खिलाफ दमन का आरोप लगाया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि वहां की मौजूदा परिस्थितियों से स्थानीय आबादी परेशान है और वह भारत के साथ जुड़ने के इच्छुक हैं। प्रदर्शनकारियों ने यह भी कहा कि PoJK से विस्थापित होकर भारत आए लोग अपने पुश्तैनी घरों और जमीनों पर वापस लौटना चाहते हैं।
संसद के प्रस्ताव का भी किया जिक्र
जम्मू में प्रदर्शन कर रहे लोगों ने संसद में पारित उस प्रस्ताव का भी उल्लेख किया, जिसमें पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर को भारत का अभिन्न अंग बताया गया है। उनका कहना था कि PoJK में मौजूदा परिस्थितियों के बीच उस प्रस्ताव को आगे बढ़ाने की दिशा में कदम उठाने का अब समय आ गया है।
अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी मुद्दा उठाने की मांग
प्रदर्शनकारियों ने PoJK में मानवाधिकारों के कथित उल्लंघन पर भारत और अंतरराष्ट्रीय समुदाय से कड़ी प्रतिक्रिया की मांग की है। उनका कहना था कि वैश्विक मंचों पर पाकिस्तान सरकार और उसकी सुरक्षा एजेंसियों पर दबाव बनाया जाना चाहिए, ताकि नागरिकों के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने भारत सरकार से PoJK के लोगों के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने और वहां के मौजूदा हालात की तस्वीर को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर मजबूती से स्पष्ट करने की है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि विस्थापित परिवारों की अपने पुश्तैनी क्षेत्रों में लौटने की आकांक्षा को भी गंभीरता से लिया जाना चाहिए।
