नदियों के रौद्र रूप से असम बेहाल, बाढ़ से कई जिलों में त्राहिमाम; PM ने CM हिमंत को दिया हरसंभव मदद का भरोसा

असम में बाढ़ की स्थिति में सुधार के बीच पीएम मोदी ने मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा से फोन पर बात की। केंद्र सरकार ने राहत कार्यों के लिए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया है।

गुवाहाटी : पूर्वोत्तर में इन दिनों बादलों का कहर जारी है। अधिकांश हिस्सों पर भारी बारिश से नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी जारी है। कई हिस्से बाढ़ से ग्रसित हैं, जिससे लाखों लोग प्रभावित हैं। इस बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को असम सरकार को राज्य में बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। राज्य में अधिकतर हिस्सों में बारिश कम होने के बाद बाढ़ की स्थिति में कुछ सुधार के संकेत मिले हैं। केंद्रीय बंदरगाह, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने बाढ़ प्रभावित इलाकों के राहत शिविरों का दौरा कर राहत कार्यों की समीक्षा की और अधिकारियों को स्वास्थ्य सेवाओं, भोजन, पेयजल तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Assam Floods

असम में बाढ़ से जनजीवन प्रभावित (फोटो-AI)

मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने कहा कि बाढ़ की स्थिति में थोड़ा सुधार हुआ है और प्रशासन दिन के दौरान लगभग सभी प्रभावित इलाकों तक पहुंचने में सफल रहा। उन्होंने ’एक्स’ पर कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें फोन करके राज्य में बाढ़ की मौजूदा स्थिति की जानकारी ली।शर्मा ने कहा कि उन्होंने (मोदी ने) तबाही की स्थिति, जारी राहत कार्यों और जमीन पर आ रही चुनौतियों के बारे में जानकारी मांगी। मुख्यमंत्री शर्मा ने बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री को राज्य सरकार की ओर से उठाए जा रहे कदमों और प्रत्येक प्रभावित परिवार तक पहुंचने के प्रयासों की जानकारी दी।

End of Feed