Gaya Student Suicide News: बिहार के गया क्षेत्र में डेल्हा थाना अंतर्गत संगम चौक पर एक छात्र के कमरे में फंदे से लटका शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक, जो पटना का रहने वाला था, पीजी (पोस्ट ग्रेजुएशन) की परीक्षा देने आया था और अपने एक दोस्त के घर रुका हुआ था। मिली जानकारी के अनुसार, रॉबिन नामक छात्र की परीक्षा एएम कॉलेज में थी। गुरुवार को काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला, जिससे आसपास के लोग और उसका दोस्त चिंतित हो गए। जब उन्होंने दरवाजा खोला, तो रॉबिन का शव पंखे से फांसी के फंदे पर लटका हुआ पाया गया। यह दृश्य देखकर मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना तुरंत डेल्हा थाना को दी गई, और पुलिस ने पहुंचकर कमरे की जांच शुरू कर दी।
गया में छात्र का शव फंदे से लटका मिला (प्रतीकात्मक फोटो)
पिता ने क्या बताया?
मृतक के दोस्त ने तुरंत उसके परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद रॉबिन के परिवार वाले पटना से गया पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के पिता रामाधार दास ने कहा कि उनका बेटा बहुत ही शांत स्वभाव का था। उसका किसी के साथ कोई झगड़ा या विवाद नहीं था और पढ़ाई को लेकर भी वह गंभीर रहता था। उन्होंने बताया, "हमें समझ नहीं आ रहा कि उसने ऐसा कदम क्यों उठाया। मेरा बेटा बहुत ही शांत था, किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी और पढ़ाई में भी ठीक था।"
मामले की जांच जारी
वहीं, डेल्हा थानाध्यक्ष देवराज इंद्र ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर यह आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया है। सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। फिलहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और मृतक के दोस्तों तथा परिजनों से पूछताछ जारी है।
(इनपुट - आईएएनएस)
