Patna News: बिहार की राजधानी पटना के राजीव नगर थाना क्षेत्र के फ्रेंड्स कॉलोनी में सड़क किनारे खड़ी एक कार से लाश बरामद हुई है। लाश की शिनाख्त झारखंड के सेवानिवृत्त जनरल मैनेजर (GM) व इंजीनियर आलोक कुमार के तौर पर हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपनी बहन से मिलने आए हुए थे। मृतक की गर्दन में गोली लगी हुई थी और कार के अंदर से पुलिस ने एक पिस्तौल और कारतूस का खोखा भी बरामद किया है। दिनदहाड़े लावारिस कार में शव मिलने की खबर फैलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
कार से मिली लाश
बहन के घर आए थे रिटायर्ड इंजीनियर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मूल रूप से मोतिहारी के रहने वाले और वर्तमान में रांची के कांके रोड स्थित इंदिरा नगर में रहने वाले 67 वर्षीय आलोक कुमार दो-तीन दिन पहले ही पटना के राजीव नगर स्थित फ्रेंड्स कॉलोनी में रहने वाली अपनी बहन से मिलने आए थे। शनिवार सुबह वह रोजाना की तरह घर से टहलने और घूमने के लिए निकले थे। काफी देर तक जब वे वापस नहीं लौटे और उनकी कार लावारिस हालत में खड़ी दिखी, तो परिजनों को इसकी भनक लगी। जब परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे, तो कार की ड्राइवर सीट पर आलोक कुमार का खून से लथपथ शव पड़ा था।
"पिस्तौल उनकी नहीं, हत्या की गई है"
मृतक के परिजन विनोद कुमार ने इस घटना पर परिजनों की तरफ से हत्या का अंदेशा जताते हुए बड़ा दावा किया है। मृतक के जीजा विनोद कुमार का कहना है कि आलोक कुमार दो दिन पहले ही पटना आए थे और घर से घूमने निकले थे। कार में जो पिस्तौल बरामद हुई है, वह उनकी नहीं है। किसी ने उनकी गोली मारकर हत्या की है। पटना में उनका किसी से कोई विवाद नहीं था, अगर कोई रंजिश होगी तो वह झारखंड में ही हो सकती है। परिजन ने यह भी जानकारी दी कि आलोक कुमार का एक बेटा है जो वर्तमान में मलेशिया में रहता है।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही राजीव नगर थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची और इलाके को तुरंत सील कर दिया। पुलिस ने तुरंत फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को मौके पर बुलाया, जिसने कार और आसपास के इलाके से उंगलियों के निशान, कारतूस का खोखा व अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए हैं।
पुलिस मामले की हर पहलू से गहराई से जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि घटना के सही क्रम का पता लगाया जा सके। पुलिस का कहना है कि यह मामला हत्या का है या खुदकुशी का, इसका आधिकारिक खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही हो पाएगा। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
