भागलपुर : देश की सबसे हाईस्पीड ट्रेनों में सुमार वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन लगातार शरारती तत्वों के निशाने पर है। ताजा मामला बिहार के भागलपुर से सामने आया है, जहां नवगछिया बिहपुर हाईटेक वंदे भारत एक्सप्रेस को एक बार फिर शरारती तत्वों ने निशाना बनाया है। पटना-न्यू जलपाईगुड़ी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन पर पथराव किया गया। हालांकि, किसी को चोट नहीं आई है। फिलहाल, सुरक्षा के मद्देनजर आरपीएफ ने तैनाती बढ़ा दी।
पटना- न्यू जलपाईगुड़ी वंदे भारत ट्रेन पर पथराव
घटना उस वक्त हुई जब वंदे भारत ट्रेन पटना से न्यू जलपाईगुड़ी की ओर जा रही थी। उसी दौरान आरपीएफ को सूचना मिली की गाड़ी पर पत्थर फेंके गए हैं। घटना की सूचना लगते ही स्थानीय पुलिस और आरपीएफ के जवान मौके पर पहुंचे। शरारती तत्वों की पहचान के लिए सीसीटीवी कैमरे खंगाल कर सबूत जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।
इससे पहले भी वंदे भारत ट्रेनों पर पथराव होने की खबरें सामने आ चुकी हैं। खासकर बिहार क्षेत्र से ऐसे मामले अधिक आए हैं। मीडिया खबरों के मुताबिक, पिछले साल 11 दिसंबर को गया में ही ट्रायल रन के दौरान वंदे भारत एक्सप्रेसवे पर पत्थर फेंके गए। इस दौरान इंजन से सटे दूसरे कोच की 4 खिड़कियों के शीशे चकनाचूर हो गए थे। गनीमत थी कि सीट के सामने बैठे किसी यात्री को चोटें नहीं आई थी।
