Stone Pelting on Vande Bharat Train: बिहार में एक बार फिर वंदे भारत एक्सप्रेस पर पथराव की घटना सामने आई है। सोमवार को असामाजिक तत्वों ने पाटलिपुत्र-गोरखपुर वंदे भारत ट्रेन को अपना निशाना बनाया। पथराव के कारण ट्रेन की खिड़की का शीशा टूट गया। गनीमत की बात है कि इस घटना मे किसी को चोट नहीं आई है। पिछले कुछ दिनों में वंदे भारत पर यह तीसरी घटना है, जिससे यात्रियों में डर का माहौल बन गया है।
वंदे भारत एक्सप्रेस - फाइल फोटो (PC - istock)
CCTV फुटेज से दोषियों की पहचान
यह घटना सेमरा और सुगौली स्टेशन के बीच शाम 6:40 बजे हुई, जब ट्रेन की सी-06 बोगी की खिड़की पर असामाजिक तत्वों ने पत्थर फेंके। आरपीएफ पोस्ट कमांडर भरत प्रसाद ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से दोषियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
मुजफ्फरपुर-नरकटियागंज रेलखंड पर पथराव की छठी
वंदे भारत ट्रेन के परिचालन के बाद से मुजफ्फरपुर-नरकटियागंज रेलखंड पर यह छठी पथराव की घटना है। रविवार रात को भी पश्चिम चंपारण के चनपटिया स्टेशन के पास वंदे भारत ट्रेन पर पथराव हुआ था, जिसमें ट्रेन के गेट और खिड़की के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए थे। इस मामले में चार युवकों को गिरफ्तार किया गया है।
आरपीएफ लगातार पथराव रोकने के लिए जागरूकता अभियान चला रही है, लेकिन घटनाएं थम नहीं रही हैं। लगातार हो रही इन घटनाओं ने यात्रियों की सुरक्षा और रेलवे संपत्ति की रक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
