Samrat Chaudhary : विपक्षी एकजुटता पर भारतीय जनता पार्टी (BJP)के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तंज कसा है। सम्राट ने सोमवार को कहा कि बिहार में नीतीश कुमार कोई फैक्टर नहीं हैं। यहां 70-30 की लड़ाई होगी। नीतीश कुमार और राजद 30 फीसदी वाले हैं। भाजपा नेता ने कहा कि चिराग पासवान और पशुपति पारस से बातचीत चल रही है, बहुत जल्द ही स्थितियां स्पष्ट हो जाएंगी।
सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार में भाजपा की लड़ाई राजद से है।
बिहार को लिए कोई फैक्टर नहीं नीतीश कुमार
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि नीतीश कुमार बिहार के लिए कोई फैक्टर नहीं हैं। यहां 70-30 की लड़ाई होगी। 30 प्रतिशत वाला लड़ते रहे जितना दिन लड़ना है। बिहार में लालू यादव की राजद का सामना करने में भाजपा को कोई दिक्कत नहीं आएगी। विपक्षी गठबंधन में ममता बनर्जी और शरद पवार की सक्रियता पर भाजपा नेता ने पूछा कि पवार और ममता बनर्जी बिहार में महागठबंधन को कितनी सीटें दिलवा पाएंगे।
2024 में फिर से एनडीए की सरकार बनेगी
चौधरी ने कहा कि देश में फिर से नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2024 में एनडीए की सरकार बनेगी। गठबंधन के लिए सभी सहयोगियों के साथ हमारी बातचीत चल रही है। एनडीए के सभी दल पीएम मोदी के नेतृत्व में पूरी तरह एकजुट होकर 2024 का चुनाव लड़ेंगे
विजय सिंह को दी श्रद्धांजलि
जहानाबाद में भाजपा जिला महामंत्री विजय सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए रविवार को आयोजित सभा में भी सम्राट चौधरी ने नीतीश कुमार पर निशाना साधा। सम्राट ने कहा कि 'हमें पीड़ा है, घर का सबसे वरिष्ठ सदस्य और परिवार का अंग टूट गया है। नीतीश सरकार ने भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता विजय सिंह की लाठी से पीटकर हत्या कर दी।'
