बिहार के नवादा जिले के रजौली प्रखंड के चितरकोली गांव निवासी पप्पू कुमार एक ऑनलाइन गेमिंग फ्रॉड का शिकार हो गए, जिसमें उन्होंने कुल 7,86,971 रुपये गंवा दिए। पप्पू को एक लिंक भेजा गया था, जो के रहेजा कॉर्प के नाम से था। लिंक खोलने पर उन्हें बिस प्रमोशन ट्रायल में हिस्सा लेने के लिए कहा गया, जिसमें उन्हें 9102 रुपये मिले। जब उन्होंने यह राशि अपने बैंक खाते में सफलतापूर्वक ट्रांसफर कर ली, तो साइबर अपराधियों ने दोबारा खेलने के लिए प्रेरित किया और 10,000 रुपये निवेश करने को कहा।
नवादा में ऑनलाइन गेमिंग फ्रॉड का मामला (सांकेतिक फोटो)
जानकारी के मुताबिक, पप्पू ने जब पैसे की कमी की बात कही तो आरोपियों ने उन्हें 7,800 रुपये निवेश करने को कहा और बाकी 2,200 रुपये बोनस के रूप में मिलने का लालच दिया। इसी तरह धोखे में आकर पप्पू ने कई बार अलग-अलग रकम ट्रांसफर की — जिनमें 7,800, 1,535, 9,999, 30,000, 49,748, 50,000, 40,000, 72,869 और अंत में 5,25,020 रुपये शामिल हैं।
धोखाधड़ी का एहसास होने पर पप्पू ने 7 जून को राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर शिकायत दर्ज कराई। इसके आधार पर साइबर थाना में कांड संख्या-84/25 के तहत अज्ञात साइबर अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और ठगे गए पैसों की रिकवरी की प्रक्रिया भी जारी है।
