Patna Purnia Expressway: देश के हर हिस्से तक कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए सड़कें, हाईवे और एक्सप्रेसवे बनाए जा रहे हैं। बिहार में भी कनेक्टिविटी को ध्यान में रखते हुए एक के बाद एक रोड इंफ्रास्ट्रक्चर के प्रोजेक्ट पास हो रहे हैं। केंद्र सरकार ने राज्य में 6 सड़क परियोजनाओं को मंजूरी दे दी है। जिन सड़क परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है, उनमें से एक पटना-पूर्णिया एक्सप्रेसवे का दिघवाड़ा तक एक्सटेंशन भी शामिल है। पटना-पूर्णिया एक्सप्रेसवे को अब दिघवाड़ा तक आगे बढ़ाया जाएगा। इस एक्सप्रेसवे के बन जाने से पटना और पूर्णिया के बीच सफर में लगने वाला समय और दूरी कम होगी। यही नहीं यह एक्सप्रेसवे उत्तर बिहार को राजधानी पटना तक बेहतर कनेक्टिविटी देगा।
एक्सप्रेसवे की सांकेतिक तस्वीर (फोटो साभार - x.com/DetoxTravellerr)
पटना और पूर्णिया के बीच 282 किमी लंबा एक्सप्रेसवे बन रहा है। पटना-पूर्णिया एक्सप्रेसवे के जरिए दोनों शहरों के बीच की दूरी मात्र 3 से 4 घंटे में पूरी हो जाएगी। यह एक्सप्रेसवे बिहार के लिए गेम चेंजर साबित हो सकता है। यह एक्सप्रेसवे न सिर्फ पटना और पूर्णिया के बीच सफर के समय को घटाएगा। बल्कि आसपास के शहरों और गांवों के बीच की दूरी को भी कम करेगा।
पटना-पूर्णिया एक्सप्रेसवे पूरी तरह से ग्रीनफील्ड प्रोजेक्ट है, जिसे राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) बना रहा है। इस एक्सप्रेसवे का राज्य के विकास पर कई तरह से असर पड़ेगा। समय और दूरियां कम करने से साथ ही यह एक्सप्रेसवे राज्य में सामाजिक व आर्थिक विकास का इंजन भी बनेगा। माना जा रहा है कि इस एक्सप्रेसवे के बनने से राज्ये में टूरिज्म को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों की यात्रा भी आसान होगी। यह सब देखते हुए माना जा रहा है कि इस एक्सप्रेसवे का बिहार के रियल एस्टेट मार्केट पर भी पॉजिटिव असर देखने को मिलेगा।
पटना पूर्णिया एक्सप्रेसवे के बारे में जरूरी जानकारी
| सूची | विवरण |
| एक्सप्रेसवे का नाम | पटना-पूर्णिया एक्सप्रेसवे |
| लंबाई | 282 किलोमीटर |
| लेन की संख्या | छह |
| एक्सप्रेसवे का प्रकार | ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे |
| अनुमानित लागत | ₹18,042.14 करोड़ |
| अनुमानित स्पीड | 120 किलोमीटर प्रति घंटा |
| कब तक पूरा होगा काम | 2028 के मध्य तक |
पटना-पूर्णिया एक्सप्रेसवे का रूट क्या होगा?
पटना-पूर्णिया एक्सप्रेसवे बिहार के दो प्रमुख शहरों को जोड़ने के लिए अहम माध्यम होगा। यह एक्सप्रेसवे राज्य के कई जिलों से होकर गुजरेगा। इस एक्सप्रेसवे के बन जाने से राज्य के कई हिस्सों को लाभ होगा। यह एक्सप्रेसवे निम्न जिलों से होकर गुजर रहा है -
- सारण (Saran)
- वैशाली (Vaishali)
- मधुबनी (Madhubani)
- मुजफ्फरपुर (Muzaffarpur)
- दरभंगा (Darbanga)
- समस्तीपुर (Samastipur)
- सहरसा (Saharsa)
- मधेपुरा (Madhepura)
- पूर्णिया (Purnia)
कहां से शुरू होगा पटना-पूर्णिया एक्सप्रेसवे?
पटना-पूर्णिया एक्सप्रेसवे NH-31 से शुरू होगा। इसे हाजीपुर-छपरा रोड भी कहा जाता है। यह एक्सप्रेसवे सारण जिले में दिघवाड़ा से शुरू होगा। यह एक्सप्रेसवे पूर्णिया जिले में माथुर डगरुआ तक जाएगा।
पटना-पूर्णिया एक्सप्रेसवे के बन जाने से क्या फायदा होगा?
पटना-पूर्णिया एक्सप्रेसवे के बन जाने से बिहार को काफी फायदा होगा। विशेषतौर पर जिन जिलों और इलाकों से यह एक्सप्रेसवे गुजरेगा, वहां विकास की नई बयार बहेगी। एक्सप्रेसवे के आसपास जमीन की कीमतें बढ़ेंगी। आर्थिक गतिविधियां बढ़ने से क्षेत्र में रोजगार के अवसर पैदा होंगे। नए इलाके बसेंगे तो इंफ्रास्ट्रक्चर को भी बढ़ावा मिलेगा। यही नहीं बिहार में विदेश और देश की बड़ी-बड़ी कंपनियों की तरफ से निवेश भी बढ़ेगा।
पटना-पूर्णिया एक्सप्रेसवे को गंगा नदी के ऊपर दिघवाड़ा-शेरपुर 6 लेन ब्रिज के जरिए पटना आउटर रिंग रोड के जरिए सीधे पटना तक लिंक किया जाएगा। वैशाली जिले में अमस-दरभंगा एक्सप्रेसवे इंटरसेक्शन बनने के बाद गया से दरभंगा के लिए जरूरी लिंक रोड मिल जाएगी।
दिल्ली अब दूर नहीं
यही नहीं गंडक नदी पर नया ब्रिज बनाया जाएगा जो एक्सप्रेसवे को दिघवाड़ा और सराय तक आगे बढ़ाएगा। आगे यह एक्सटेंशन पटना-पूर्णिया एक्सप्रेसवे को उत्तर प्रदेश में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे तक आसान कनेक्टिविटी देगा। ऐसा होने पर दिल्ली तक पहुंचना आसान हो जाएगा।
