Patna News: पटना शहर के कूड़ा प्वाइंट पर अब ओपीडी चलेगी। मोहल्ले में ही लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए यह पहल हुई है। नगर निगम शहर के 346 कूड़ा प्वाइंट की साफ-सफाई कराकर उसका सौंदर्यीकरण किया है। 346 में से 122 जगहों पर स्वच्छता कॉर्नर बनाया जा रहा है। इन जगहों पर नगर निगम की ओर से स्वास्थ्य शिविर लगाया जाएगा। शिविर लगाने के लिए निगम के पास पांच डॉक्टर भी हैं। दरअसल, निगम ने स्वास्थ्य विभाग से 5 डॉक्टरों की प्रतिनियुक्ति की मांग की थी।
पटना में इन कूड़ा प्वाइंट पर अब लोगों का होगा इलाज
विभाग ने निगम को 3 डॉक्टर दिए, जबकि पहले से दो डॉक्टर थे। हर अंचल में एक-एक डॉक्टर की प्रतिनियुक्ति हुई है। इस ओपीडी में ब्लड प्रेशर (बीपी) और डायबिटीज की जांच होगी। इनकी दवाएं भी उपलब्ध रहेंगी। अंचल में रोस्टर बनाया जा रहा है। पहले से समाप्त किए गए कूड़ा प्वाइंट पर जल्द ही स्वास्थ्य शिविर लगाया जाएगा।
