Patna Metro Trial: राजधानी के लोगों के लिए एक ऐतिहासिक दिन आया जब पटना मेट्रो का पहला ट्रायल रन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। लंबे समय से इंतजार कर रहे पटना वासियों के लिए यह एक बड़ी सौगात साबित होने जा रही है। DMRC (दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन) के अधिकारियों की देखरेख में यह ट्रायल रन संपन्न हुआ।
पटना में मेट्रो का हुआ सफल ट्रायल
3.7 किलोमीटर की दूरी पर चला ट्रायल रन
इस ट्रायल रन की शुरुआत ISBT बैरिया मेट्रो स्टेशन से हुई और यह जीरोमाइल होते हुए भूतनाथ मेट्रो स्टेशन तक पहुंची। इस ट्रायल रन के दौरान मेट्रो ने कुल करीब 3.7 किलोमीटर की दूरी को मेट्रो ने पूरी किया। हालांकि, यह ट्रायल रन करीब 5 किलोमीटर प्रति घंटे की बेहद धीमी गति से किया गया ताकि सभी तकनीकी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा सके।
तीन कोच वाली मेट्रो ने भरी पहली यात्रा
इस ट्रायल रन में मेट्रो की मात्र तीन बोगियां (कोच) शामिल थीं। मेट्रो के परिचालन से पहले पूजा-पाठ और प्रसाद अर्पण कर पूरे कार्यक्रम का पारंपरिक तरीके से शुभारंभ किया गया। जैसे ही मेट्रो स्टेशन से रवाना हुई, लोगों के चेहरे पर उत्साह और खुशी साफ देखी जा सकती थी।
मेट्रो को देखने उमड़ी भीड़
ट्रायल रन के दौरान स्टेशन पर मिठाइयां बांटी गईं और मेट्रो को चलता देख सड़क किनारे खड़े लोगों ने उत्साह से तस्वीरें और वीडियो लिए। यह नज़ारा पटना के आधुनिक होते भविष्य की झलक देता है। लोगों ने मेट्रो की पहली झलक को कैमरे में कैद कर सोशल मीडिया पर साझा किया, जिससे यह खबर तेजी से वायरल हो रही है।
जल्द होगा उद्घाटन
अब सबकी निगाहें पटना मेट्रो सेवा के उद्घाटन पर टिकी हैं। जानकारी के मुताबिक, आने वाले दिनों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट का औपचारिक उद्घाटन करेंगे और बिहारवासियों को यह आधुनिक परिवहन सुविधा समर्पित की जाएगी। पटना मेट्रो परियोजना राजधानी के परिवहन को आसान बनाने के साथ-साथ शहर की जटिल ट्रैफिक समस्याओं को काफी हद तक कम करने में मददगार साबित होगी। इसके अलावा, यह व्यवस्था स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते भी खोलेगी।
