पटना

Operation Sindoor: तेजस्वी यादव बोले - आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में 140 करोड़ भारतवासी सेना और सरकार के साथ

पहलगाम आतंकी हमले की बदला लेने की बात 22 अप्रैल को हुई उस घटना के बाद से ही लगातार हर तरफ से कही जा रही थी। आखिर भारतीय सेना ने पाकिस्तान और पीओके में 9 आतंकी ठिकानों पर एयरस्ट्राइक की तो हर कोई सेना की तारीफ कर रहा है। RJD नेता तेजस्वी यादव ने Operation Sindoor की तारीफ की है।

Image

तेजस्वी यादव ने की ऑपरेशन सिंदूर की तारीफ

Photo : Twitter

Operation Sindoor: भारतीय सेना ने मंगलवार और बुधवार की बीच की रात पाकिस्तान में 4 और PoK में 5 आतंकी ठिकानों पर एयरस्ट्राइक की। इस एयरस्ट्राइक में 200 आतंकवादियों के मारे जाने की बात कही जा रही है। आतंकवादियों के खिलाफ भारत की इस कार्रवाई का देश में हर किसी ने स्वागत किया है। सत्ता पक्ष के लोग तो ऑपरेशन सिंदूर की तारीफ कर ही रहे हैं, विपक्ष ने भी इस ऑपरेशन की तारीफ कर भारतीय सेना को बधाई दी है। RJD नेता और बिहार में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी ऑपरेशन सिंदूर की तारीफ की।

तेजस्वी यादव ने भारतीय सेना के इस ऑपरेशन के बाद एक-एक कर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कई पोस्ट किए। एक पोस्ट में उन्होंने लिखा - जय हिंद! जय भारत! न आतंक रहे, न अलगाववाद रहे! हमें अपने वीर जवानों और भारतीय सेना पर गर्व है।'

एक अन्य पोस्ट में उन्होंने वीडियो पोस्ट किया और लिखा प्राउड ऑफ इंडियन आर्मी। यह वीडियो पहलगाम आतंकी हमले के बाद का है। जिसमें वह विपक्ष की तरफ से सरकार को आतंकवादियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई में समर्थन का आश्वासन देते हुए नजर आ रहे हैं। इस वीडियो में वह कहते हुए सुनाई देते हैं- 'पूरा देश एकजुट है, आतंकवाद को जड़ से खत्म करने के लिए। हम लोगों ने सरकार से कहा है, सरकार जो भी कदम उठाएगी, आतंकवाद को जड़ से खत्म करने में... मुंह तोड़ जवाब देगी... पूरा विपक्ष सरकार के साथ खड़ा है। क्योंकि ये देश की सुरक्षा का मामला है। और देश की सुरक्षा के मामले में पूरा देश, पूरा मुल्क एकजुट है। जो कार्रवाई भारत सरकार करेगी, उसके साथ हम सब लोग खड़े हैं। और हम सब लोग चाहते हैं कि जिस तरह की घटना पहलगाम में आतंकवादियों ने की, उन्हें सरकार मुंहतोड़ जवाब दे।'

RJD नेता तेजस्वी यादव ने एक और वीडियो पोस्ट किया और लिखा, 'भारत, भारतीयों और भारतीय सेना ने कभी भी अपने देश में किसी भी प्रकार के आतंकवाद और अलगाववाद को बर्दाश्त नहीं किया है और ना ही कभी करेंगे। भारतीय सेना ने हर बार माताओं की कोख, बहनों की कलाई, और उनके माथे के सिंदूर की रक्षा की है। हम सत्य, अहिंसा और शांति को मानने वाले लोग हैं। हम भारतीय कभी गलत नहीं करते, लेकिन अगर कोई हमारे साथ गलत करता है तो फिर हम सहते नहीं। आतंकवाद को पोसने वाले लोग यदि हमारी एकता, अखंडता और संप्रभुता पर प्रहार करेंगे तो हमें एकजुट होकर मुंह तोड़ जवाब देना आता है। आतंकवाद के विरुद्ध इस लड़ाई में 140 करोड़ भारतवासी भारतीय सेना और सरकार के साथ है। हिंदुस्तान जिंदाबाद! भारतीय सेना जिंदाबाद! जय हिंद! #IndianArmy #india'

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article