Miscreants Shot Police Brother In Muzaffarpur: बिहार के मुजफ्फरपुर में बेलगाम अपराधियों ने पुलिसकर्मी के भाई MR (Medical Representative) को गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया है। घायल की पहचान राम नंदन प्रसाद साह के बेटे मनोज गुप्ता (50) निवासी देवरिया थाना क्षेत्र के धरफरी गांव के रूप में हुई है। घटना मीनापुर थाना क्षेत्र का है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
Muzaffarpur News: बाइक सवार बदमाशों ने पुलिस के भाई MR को मारी गोली, पुलिस जांच में जुटी (सांकेतिक तस्वीर: Pixabay)
बगल में आकर मारी गोली
मनोज पेशे से मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव है और उसका भाई ब्रह्मपुरा थाना में पुलिसकर्मी के तौर पर तैनात है। रविवार को देर रात मनोज गुप्ता काम खत्म कर बलुआ बाजार से शहर की तरफ स्कूटी से लौट रहा था। इसी दौरान मीनापुर थाना क्षेत्र के शनिचरा में बाइक सवार दो बदमाशों ने बगल में आकर उसे गोली मार दी। घटना के बाद दोनों बदमाश मौके से फरार हो गए।
पुलिस खंगाल रही CCTV फुटेज
मनोज ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची मीनापुर थाना क्षेत्र की पुलिस बल ने आनन-फानन में उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है। पुलिस आसपास के लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है।
पुलिस मामले की कर रही छानबीन
वहीं, मीनापुर थाना अध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है। आरपो की तलाश की जा रही है।
