बिहार के जहानाबाद में एक 15 वर्षीय नाबालिग लड़की ने अपनी इच्छा से 20 वर्षीय युवक से शादी की। शादी के बाद लड़की विदा होकर ससुराल गई और उसके कुछ दिन बाद ही युवक लड़की को छोड़कर फरार हो गया। बताया जा रहा है कि ससुराल के लोगों ने उसके बाद लड़की के साथ दुर्व्यवहार शुरू किया, जिसकी जानकारी मिलते ही लड़की की मां ने पुलिस ने मामला दर्ज करवाया।
शादी के कुछ दिन बाद ही फरार हुए युवक (फोटो - टाइम्स नाउ नवभारत)
15 साल की नाबालिग ने की अपनी मर्जी से शादी
मिली जानकारी के अनुसार, 15 साल की नाबालिग लड़की ने 20 वर्षीय निकेत कुमार नामक युवक से शादी की थी। नाबालिग की मां ने पुलिस को बताया कि शादी के बाद युवक उसे ससुराल ले गया, जहां उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद युवक कुछ ही दिनों में फरार हो गया। युवक के फरार होने के बाद ससुराल पक्ष के लोगों ने उनकी बेटी को प्रताड़ित करना शुरू किया।
नाबालिग की मां रेशमी देवी ने युवक की बहन, जीजा और चाची पर आरोप लगाया है कि वह उनकी बेटी को खाना-पानी नहीं देते है। साथ ही उसे जान से मारने की धमकी देते हुए प्रताड़ित कर रहे हैं। पुलिस ने नाबालिग की मां की शिकायत के आधार पर युवक और उसके परिवार के तीन सदस्यों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच की जा रही है। साथ ही पुलिस युवक की तलाश भी कर रही है।
