Bhagalpur Flood: भागलपुर में कोसी नदी अपना प्रचंड रूप दिखा रही है। यहां सिंहकुंड गांव में बाढ़ के कारण जनजीवन अस्त व्यस्त है। कई मकान पानी में समा गए हैं।कोसी नदी में मिट्टी का कटाव थमने का नाम नहीं ले रहा। तेजी से जमीन कटकर नदी में समा रही है। कोसी नदी के कहर का एक लाइव वीडियो भी सामने आया है। जिसमें एक घर देखते ही देखते भरभरा कर नदी में समा गया।
नदी में मकान के समाने का लाइव वीडियो
वीडियो में आप देख सकते हैं कि कोसी में लगातार जमीन का कटाव हो रहा है। जिसके कारण एक मकान ताश के पत्तों की तरह ढहकर कोसी नदी में समा गया। तेजी से कटाव के चलते कई अन्य घरों के भी नदी में समाने का खतरा बना हुआ है।
पलायन करने को मजबूर लोग
नवगछिया अनुमंडल के खरीक प्रखंड के सिंहकुंड गांव में एक दर्जन से अधिक घर कोसी नदी में समा गए हैं। पिछले 20 दिनों से यहां भीषण कटाव हो रहा है। यह कटाव इतनी तेजी से हो रहा है कि एक सप्ताह में ही 8 लोगों का घर नदी में समा गया। वहीं 14 लोगों का घर कोसी नदी के मुहाने पर स्थित है, जो कभी भी नदी में समा सकता है। कटाव की रफ्तार देख लोग कई लोग अपना घर छोड़कर सुरक्षित स्थान पर चले गए हैं। वहीं बहुत से लोग अपने घर को खुद तोड़कर सामान के साथ पलायन की तैयारी कर रहे हैं।
