शिवहर: जीजा-साली का संबंध हंसी-ठिठोली, छेड़-छाड़ और लाड़-प्यार का होता है। लेकिन दोनों के बीच कुछ सीमाएं भी होती हैं। जब यह सीमाएं टूटती हैं तो परिवार बिखर जाते हैं। ऐसे ही एक परिवार के बिखरने की कहानी बिहार में शिवहर से सामने आई है। जीजा-साली का प्रेम इस कदर आगे बढ़ गया कि आखिर घर से दो अर्थियां निकलीं। जिसने भी यह मंजर देखा हैरान रह गया। चलिए जानते हैं पूरी खबर क्या है?
जीजा-साली की आत्महत्या से इलाके में सनसनी
घटना शिवहर में श्यामपुर-भटहा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जहांगीरपुर गांव की है। यहां जीजा-साली ने एक साथ आत्महत्या करके मौत को गले लगा लिया। जिसने भी इस घटना के बारे में सुना वह स्तब्ध रह गया। दोनों के बीच पनपे प्रेम को आत्महत्या का कारण बताया जा रहा है।
पुलिस ने दोनों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। जीजा-साली के एक साथ आत्महत्या की घटना पूरे जिले में चर्चा का विषय बनी हुई है। आसपास के इलाके में जिसको भी घटना की जानकारी मिली, वह तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गया, इससे वहां भारी संख्या में भीड़ जुट गई। फिर जितने मुंह, उतनी बातें... पुलिस ने भी साफ कर दिया है कि प्रेम प्रसंग के चलते ही दोनों ने आत्महत्या का कदम उठाया।
जहांगीरपुर गांव में लीची के एक बगान में जीजा-साली के शव लटके मिले। घटना की सूचना मिलने पर एसपी अनंत कुमार राय ने SDPIव SHO को तुरंत मौके पर भेजा। रिपोर्ट के आधार पर एसपी राय ने प्रेस में एक बयान जारी कर घटना के संबंध में पूरी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मृतक राकेश पटेल के पिता का नाम उमाशंकर पटेल है और वह ताजपुर सरैया, थाना राजेपुर, जिला मोतिहारी का निवासी था। मृतक महिला रानी कुमारी के पिता का नाम रविंद्र राय है और वह जहांगीरपुर गांव, थाना श्यामपुर भटहा, जिला शिवहर की निवासी थी।
एसपी ने बताया कि SDPO अनिल कुमार और SHO से मामले की जांच की है। दोनों मृतक रिश्ते में जीजा-साली लगते थे। पहली नजर में मामला प्रेम-प्रसंग का लग रहा है। उन्होंने बताया कि दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं और मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद ही पूरी स्थिति के बारे में स्पष्ट तौर पर कुछ कहा जा सकता है। जानकारी के अनुसार राकेश पटेल अपने ससुराल आया हुआ था, देर रात दोनों घर में नहीं मिले। परिजनों ने जब उन्हें खोजना शुरू किया तो सुबह दोनों के शव पेड़ से झूलते मिले।
