सुहाना हुआ बिहार में सफर, 110 KM की रफ्तार से पहुंचेंगे जयनगर से पटना; रैपिड रेल AC में कराएगी मौज से यात्रा

Jaynagar-Patna Namo Bharat Rapid Rail: जयनगर-पटना हुई नमो भारत रैपिड रेल अधिकतम 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से 267 किलोमीटर की दूरी औसत चाल से महज 5 घंटे में तय करेगी। यह ट्रेन सुबह 6 बजे जयनगर से चलकर 10 बजकर 30 मिनट पर पटना पहुंचेगी। आइये जानते हैं रूट पर किन-किन स्टेशनों पर यह गाड़ी ठहरेगी?

Jaynagar-Patna Namo Bharat Rapid Rail: बिहार के अंदर यात्रियों को कम समय में गंतव्य तक पहुंचाने के लिए हाईस्पीड नमो भारत ट्रेन को चलाया गया है। जयनगर और पटना के बीच शुरू हुई नमो भारत रैपिड रेल गुरुवार को समस्तीपुर पहुंची। इस दौरान ट्रेन में फुल एसी ट्रेन सफर कर रहे यात्रियों ने खुशी जताई और नमो भारत रैपिड रेल की व्यवस्थाओं को लेकर तारीफ भी की। इस ट्रेन के चलने से रूट पर पड़ने वाले स्टेशनों से लोगों का सफर काफी सुगम होगा। खास बात यह है कि लोकल ट्रेन की स्पीड अधिक होने के कारण लोग कम समय में अपने गंतव्य पहुंच सकेंगे। इससे उनका काफी समय बचेगा। आइये जानते हैं इस ट्रेन के स्टॉपेज कहां हैं और यह कितनी स्पीड से दौड़ती है?

जयनगर-पटना नमो भारत की स्पीड

यात्री शुभम कर्ण ने कहा कि मैं जयनगर से पटना के लिए सफर कर रहा हूं। अब जयनगर से पटना का सफर पांच घंटों के अंदर ही पूरा हो पाएगा। मैं ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों से अपील करूंगा कि ट्रेन में साफ-सफाई का ख्याल रखें। मुझे पता चला है कि इस ट्रेन की अधिकतम स्पीड 110 किमी प्रति घंटा है, जिससे हमारा सफर और भी सुहाना हो पाएगा। एक अन्य यात्री ने कहा कि नमो भारत रैपिड रेल समस्तीपुर के लिए बड़ी सौगात है। बिहार की यह पहली नमो भारत 267 किलोमीटर की दूरी महज 5 घंटे में पूरी करेगी।

End of Feed