हमारा पड़ोसी देश अक्सर धमकी देता है कि उसके पास पाव-पाव किलो के न्यूक्लियर बम हैं, जिन्हें वह भारत के खिलाफ इस्तेमाल कर सकता है। पाकिस्तान के पास पता नहीं, लेकिन बिहार में छात्रों के बाद ऐसे देसी बम जरूर हैं। तभी तो राजधानी पटना के बीएन कॉलेज में आज यानी मंगलवार 13 मई को छात्रों में झगड़ा हुआ तो वहां बमबाजी होने लगी।
बीएन कॉलेज में छात्रों के बीच चले देसी बम (फोटो - AI Image)
कॉलेज में सीआईए की परीक्षा चल रही थी। हॉस्टल की ओर से यहां कुछ छात्रों ने देसी बम फेंके, जिससे वहां दो धमाके हुए। इस बमबाजी में सुजीत पांडेय नाम के एक छात्र के सिर में गंभीर चोट आयी। इस घटना के बाद घायल सुजीत को PMCH में भर्ती कराया गया। सुजीत पांडेय बिहार में रोहतास जिले के भालुनी का रहने वाला है।
ये भी पढ़ें - रिश्ते हुए शर्मसार : देवर-देवरानी ने भाभी को अर्धनग्न करके पीटा, जान से मारने की कोशिश
पुलिस ने बमबाजी के इस मामले में दो छात्रों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। घटना के दौरान एक अन्य छात्र, जिसका नाम हर्ष है को जबरन क्लासरूम से खींचकर बाहर ले जाया गया। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। Livehindustan की रिपोर्ट के अनुसार हर्ष और एक अन्य स्टूडेंट रौशन को पुलिस ने पीहरबोर थाने में रखा है।
घटना मंगलवार दोपहर 12.45 बजे हुई, जब छात्र हॉस्टल में घुसकर बम फेंकने लगे। इस घटना से कैंपस में दहशत का माहौल हो गया। इस घटना से गुस्से में आये छात्रों ने कॉलेज प्राचार्य प्रो. राज किशोर प्रसाद के दफ्तर का घेराव किया और उनके चैंबर की बिजली काट दी।
यही नहीं छात्रों ने सड़क पर जाम लगाकर भी हंगामा किया। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया। लेकिन इस घटना से कॉलेज परिसर में सुरक्षा और अनुशासन की गंभीर समस्या उजागर हुई है।
