पटना

Bihar Weather Today: बिहार में जारी बरसात का दौर, इन जिलों में झमाझम बारिश का अलर्ट; जानें कैसा रहेगा मौसम का हाल

Bihar Weather Today: बिहार में बारिश होने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिल रही है। मौसम विभाग ने बताया कि आने वाले दिनों में भी बिहार में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। इस बीच करीब 17 गांव बाढ़ की चपेट में है।

Image

बिहार का मौसम

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Bihar Weather Today: बिहार में बारिश का दौर जारी है और आने वाले दिनों में थमने के आसार भी कम है। विदाई से पहले प्रदेश में मानसून झमाझम बरस रहा है। मानो सीजन में 27 प्रतिशत कम रही बारिश की पूर्ति अभी हो जाएगी। बारिश से प्रदेश का मौसम सुहावना बना हुआ है। तापमान में भी कमी दर्ज की गई है। इस बीच कहीं बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिल रही है तो वहीं बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में हो रही बारिश लोगों की परेशानी बढ़ा रही है। बिहार के 17 से अधिक जिलों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। लाखों प्रभावित लोग मुश्किलों का सामना कर रहे हैं। इस दौरान मौसम विभाग ने बिहार के 26 जिलों में बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है। विभाग ने एक जिले में भारी बारिश का अलर्ट भी जारी किया है। आइए अब आपको बताएं कैसा रहेगा आज बिहार में मौसम का हाल -

बिहार के इन जिलों में बारिश की संभावना

मौसम विभाग ने बिहार के बक्सर, भोजपुर, कैमूर, रोहतास, पटना, गया, नवादा, नालंदा, शेखपुरा, जहानाबाद, लखीसराय, अरवल, औरंगाबाद, बेगूसराय, जमुई, मुंगेर, किशनगंज, बांका, सहरसा, भागलपुर, खगड़िया, सुपौल, अररिया, पूर्णिया, कटिहार और मधेपुरा में वज्रपात और बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने किशनगंज में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है, उसके अलावा अन्य शहरों में कहीं हल्की बारिश तो कहीं मध्यम स्तर की बारिश होने की संभावना जताई है। इससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिल रही है।

आगामी दिनों में भी बरसेंगे मेघ

मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, बिहार में आने वाले दिनों में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। बताया जा रहा है कि 15 अक्टूबर तक प्रदेश के कई जिलों में झमाझम बारिश होती रहेगी। मौसम विभाग ने बताया उत्तर-पूर्वी हिस्से में साइक्लोनिक सर्कुलेशन बनने के कारण बिहार में 15 अक्टूबर तक मानसून सक्रिय रहेगा। विदाई से पहले बिहार में मानसूनी बारिश कहीं लोगों को राहत दे रही है तो अधिकतर हिस्सों में आफत बनी हुई है। बाढ़ के बीच बारिश लोगों की मुसीबतों को और बढ़ा रही है।

बिहार में बाढ़ के हालात

बता दें कि बिहार के करीब 17 जिलों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। बाढ़ से 14 लाख से अधिक लोग प्रभावित हैं। कई लोग अपने घर छोड़ने पर मजबूर हो गए हैं। इस दौरान प्रदेश के मुख्यमंत्री ने प्रभावित क्षेत्रों के निवासियों को राहत सामग्री पहुंचाने और टूटी सड़कों और तटबंद को जल्द से जल्द सही करने के आदेश दिए हैं।

कहां हुई कितनी बारिश

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, भागलपुर के पीरपौती में 76.2 एमएम, मधेपुरा के पुरैनी में 65.8 एमएम, पूर्णिया के भवानीपुर में 58 एमएम, सिवान के रघुनाथपुर में 52.2, पूर्णिया के धमदाह में 40.2, औरंगाबाद के रफीगंज में 28.4, कटिहार के कुरसेला में 27.4 और राजधानी पटना के अथमलगोला में 24.4 एमएम बारिश दर्ज की गई है।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article