UP Weather Today: उत्तर प्रदेश में मौसम करवट ले रहा है। मानसून की वापसी के बाद प्रदेश में फिर उमस भरी गर्मी की शुरुआत हुई। गर्मी से यूपी के लोगों का हाल बेहाल हो गया है। तापमान भी तेजी के साथ बढ़ रहा है। आमतौर पर अक्टूबर महीने से मौसम में बदलाव होने लगते हैं। गुलाबी ठंड की शुरुआत होती है। सुबह शाम मौसम खुशनुमा बना रहता है। लेकिन ठंडक का एहसास तो दूर की बात यहां गर्मी बढ़ रही है। यूपी के अधिकतर हिस्सों में तेज धूप खिल रही है, लोग पसीने में तरबतर नजर आ रहे हैं। इस बीच मौसम विभाग ने कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की भी संभावना जताई है। इससे लोगों को कुछ राहत मिलने के आसार है।
यूपी में आज बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने यूपी के कई जिलों में आज हल्की बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान कहीं-कहीं तेज हवाएं भी चल सकती हैं। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, यूपी के श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, गोंडा, प्रयागराज, कौशांबी, प्रतापगढ़, बुलंदशहर, गौतमबुद्ध नगर, हापुड़ और गाजियाबाद में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश होने की संभावना है। इससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है। मौसम विभाग ने बताया कि इस अवधि में पूर्वी यूपी में कहीं-कहीं बारिश की हल्की बौछार हो सकती है। इस बीच ग्रेटर नोएडा में सुबह की शुरुआत आंधी-बारिश के साथ हुई, जिससे शहर का मौसम खुशनुमा हो गया।
आगामी दिनों में कैसा रहेगा मौसम का हाल
मौसम विभाग की मानें तो रविवार यानी कल यूपी में कहीं बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, 6 अक्टूबर से 9 अक्टूबर तक आसामन साफ रहेगा। कहीं भी बारिश की कोई संभावना नहीं बन रही है। इस दौरान प्रदेश के तापमान में बढ़ोतरी जारी रहेगी। माना जा रहा है कि नवरात्रि के बाद ही मौसम में कोई बदलाव होगा।
