Bihar Weather Today: बिहार में मौसम की चाल फिर बदलने लगी है। बीते दिनों एक्टिव हुआ मानसून फिर कमजोर पड़ गया है। मानसून के कमजोर पड़ने से बिहार में बारिश का दौर थमने लगा है। बारिश की कमी के बीच लोग उमस भरी गर्मी से परेशान होने लगे हैं। बता दें कि बिहार में अभी भी 25 प्रतिशत बारिश की कमी है। इस साल बिहार के लोग अच्छी बारिश के लिए तरसते ही रह गए हैं। बीते दिनों हुई बारिश के बाद कल यानी शनिवार को बिहार के अधिकतर जिलों में तापमान में बढ़ोतरी देखी गई। केवल गया और नालंदा जिले के अधिकतम तापमान में कमी आई है। इतना ही नहीं बिहार का एक जिला ऐसा भी जहां तापमान 39 डिग्री दर्ज किया गया है। जी हां, आपने सहीं सुना। बिहार के सीतामढ़ी जिले का अधिकतम तापमान तो शनिवार को 39 और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। आइए अब आपको बताएं कैसा रहेगा बिहार में आज मौसम का हाल -
बिहार में थमा बारिश का दौर
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, आज बिहार के किसी भी जिले में बारिश की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। बिहार में मानसून शुरू से ही नाराज नजर आ रहा था। इस साल मानसून के सीजन में सामान्य से 25 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। बिहार के अधिक जिले में सूखे जैसे हालात नजर आए हैं। कुछ गिने-चुने जिले ही हैं, जहां बारिश हुई है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी बारिश की कोई संभावना नहीं जताई है। बारिश की कमी से बिहार के लोग उमस भरी गर्मी की मार झेल रहे हैं।
कब होगी राहत की बारिश
बिहार के अधिकतर जिलों के निवासी उमस और गर्मी की मार झेल रहे हैं और राहत की बारिश का इंतजार कर रहे हैं। इस बीच मानसूनी बारिश के थमने से लोगों के चेहरे मुरझा गए हैं। बिहार के लोगों के मुरझाए चेहर अब तभी खिलेंगे जब बारिश का दौर फिर शुरू होगा। विभाग ने बताया कि दो दिन बाद यानी 10 सितंबर से बिहार में मानसून की नई पारी की शुरुआत होगी। इस दौरान कई जिलों में झमाझम बारिश होने के आसार हैं।
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, 10 सितंबर को बिहार के रोहतास, कैमूर, बक्सर, भोजपुर, अरवल, औरंगाबाद, गोपालगंज, सिवान, सारण, किशनगंज, अररिया, पूर्णिया, सुपौल, मधेपुर, सहरसा और कटिहार में बारिश की संभावना है। उसके बाद पूरे सप्ताह बारिश का दौर जारी रहेगा।
बिहार के इन दो जिलों में आज हल्की बारिश की संभावना
मौसम विभाग के नाऊ फोरकास्ट ( IMD Patna Now Forecast) के अनुसार, आज बिहार के गया और नालंदा जिले में हल्की बारिश की संभावना है। इन जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। साथ ही 40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना हैं।
